IAS Durga Shakti Nagpal: कौन हैं देवीपाटन की नई कमिश्नर दुर्गा शक्ति? हुई थीं अखिलेश सरकार में सस्पेंड
IAS Durga Shakti Nagpal: यूपी सरकार ने रविवार को 40 आईएएस अधिकारियों के तबादले किए, जिसमें गोंडा देवीपाटन मंडल की कमान अब 2010 बैच की आईएएस अधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल को सौंपी गई है, आपको बता दें कि इससे पहले वह लखीमपुर की जिलाधिकारी थीं।
मालूम हो कि वो गोंडा में शशि भूषण लाल सुशील की जगह लेंगी जिन्होंने गोंडा देवीपाटन मंडल के कमिश्नर के रूप में करीब 22 महीने 20 दिन तक सेवा दी है। खास बात ये है कि दुर्गा शक्ति नागपाल की ये पहली कमिश्नर के तौर पर तैनाती है।

इसी कारण दुर्गा शक्ति नागपाल सोशल मीडिया पर बहुत ज्यादा चर्चित हैं। आपको बता दें कि यूपी के गलियारों में 'लेडी सिंघम' और 'दुर्गा शक्ति' के नाम से मशहूर IAS दुर्गा शक्ति को सीएम योगी का भरोसेमंद सिपाही कहा जाता है।
25 जून, 1985 को आगरा में जन्मी दुर्गाशक्तिपाल के पिता एक सेवानिवृत्त सरकारी अधिकारी हैं, जिन्हें दिल्ली छावनी बोर्ड में विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया जा चुका है, उनके दादा भी पुलिस अधिकारी थे, जिनकी 1954 में दिल्ली के सदर बाज़ार में ड्यूटी के दौरान हत्या कर दी गई थी।
कम्प्यूटर साइंस में स्नातक किया लेकिन नहीं की मोटी सैलरी वाली नौकरी
शुरू से पढ़ने में काफी तेज दुर्गा शक्ति को देश के लिए कुछ कर गुजरने का जज्बा बचपन से ही था। उन्होंने 2007 में इंदिरा गांधी दिल्ली तकनीकी विश्वविद्यालय से कम्प्यूटर इंजीनियरिंग में स्नातक किया था लेकिन उन्होंने देश सेवा के लिए मोटी रकम वाली नौकरी ना करने का फैसला किया और UPSC की तैयारियों में जुट गईं।
साल 2008 में वो IRS चुनी गईं थीं लेंकिन इससे वो संतुष्ट नहीं हुई और इसके बाद उन्होंने फिर से एग्जाम दिया और इस बार इन्होंने मेरिट लिस्ट में 20वां स्थान हासिल करके सफलता का नया इतिहास लिखा।

IAS अधिकारी अभिषेक सिंह से की है दुर्गाशक्ति नागपाल ने शादी
साल 2010 की कैडर दु्र्गा नागपाल की शादी साल 2011 बैच के IAS अधिकारी अभिषेक सिंह से हुई है, दोनों की मुलाकात 2009 में UPSC परीक्षाओं की तैयारी के दौरान हुई थी। अभिषेक सिंह एक अभिनेता भी हैं और उन्होंने फ़िल्मों में भी काम किया है, इस कपल को दो बच्चे हैं।
वेबसीरीज और म्यूजिक एलबम में काम करते हैं अभिषेक सिंह
लेकिन अभिषेक सिंह विवादों में भी रहे हैं क्योंकि UP सरकार ने 7 फ़रवरी 2023 को अभिषेक सिंह को निलंबित कर दिया था क्योंकि वे बिना किसी सूचना के 82 दिनों तक अपने दफ़्तर से अनुपस्थित रहे थे। बाद में उन्होंने अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया था, अब वो वेबसीरीज और म्यूजिक एलबम में काम करते हैं।

दुर्गाशक्ति नागपाल ने मोहाली में किया था जमीन घोटाले का पर्दाफाश
दुर्गाशक्ति नागपाल ने अपने करियर की शुरुआत IAS के पंजाब कैडर से की। वह जून 2011 में मोहाली ज़िला प्रशासन में शामिल हुईं और वहां चौदह महीने तक सेवा की। पंजाब में एक ट्रेनी IAS अधिकारी के तौर पर, उन्होंने मोहाली में एक जमीन घोटाले का पर्दाफाश किया था, जिसकी वजह से वो घर-घर में चर्चित हो गई थीं।
दुर्गाशक्ति नागपाल ने 'रेत माफ़िया' का किया था भंडाफोड़
अगस्त 2012 में वो नोएडा की सब-डिविज़नल मजिस्ट्रेट (SDM) बनीं। ग्रेटर नोएडा, उत्तर प्रदेश में 'रेत माफ़िया' के खिलाफ कार्रवाई करने के बाद नेशनल लेवल पर लोगों की रोल मॉडल बन गईं।

दुर्गाशक्ति नागपाल पर लगा था मस्जिद की दीवार गिराने का आरोप, हुई थीं सस्पेंड
लेकिन तब तत्कालीन समाजवादी पार्टी सरकार ने बालू माफिया पर तगड़ी कार्रवाई करने और बाद में एक मस्जिद की दीवार गिराने के चलते उनको सस्पेंड कर दिया था, जिस पर काफी बवाल मचा था, हालांकि इसके बाद दु्र्गाशक्ति का 2013 में सस्पेंशन रद्द कर दिया गया था और उन्हें कानपुर देहात में जॉइंट मजिस्ट्रेट पद पर नियुक्ति दी गई थी।

राष्ट्रीय जल पुरस्कार से सम्मानित हैं दु्र्गा शक्ति नागपाल
दु्र्गा शक्ति नागपाल जल संरक्षण और जल प्रबंधन में बेहतरीन कार्य किया था, जिसकी बदौलत उनको राष्ट्रीय जल पुरस्कार से भी नवाजा जा चुका है, वो सोशल मीडिया की चर्चित हस्तियों में से भी एक हैं।












Click it and Unblock the Notifications