'सब कुछ'हासिल करके भी अधूरा था मन! UP की IAS दिव्या मित्तल इस्तीफा के बाद अब क्या करेंगी? क्या है प्लान?

उत्तर प्रदेश की चर्चित IAS अधिकारी दिव्या मित्तल ने 13 साल की सरकारी सेवा के बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक भावुक पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी। दिव्या मित्तल ने अपनी IAS यात्रा को याद करते हुए बताया कि कैसे एक साधारण परिवार से निकलकर उन्होंने IIT दिल्ली और IIM बैंगलोर से पढ़ाई की, लंदन में नौकरी हासिल की और फिर देश लौटकर IAS बनने का फैसला किया।

लेकिन अब सवाल है कि IAS का पद छोड़ने के बाद दिव्या मित्तल क्या करेंगी? उनके इस्तीफे की पोस्ट से इतना जरूर साफ होता है कि सरकारी पद छोड़ने के बावजूद देश और लोगों के लिए काम करने का उनका सपना खत्म नहीं हुआ है। हालांकि, उन्होंने अपने अगले कदम या किसी नई नौकरी की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं की है।

IAS Divya Mittal Resignation

इस्तीफे के बाद क्या करेंगी दिव्या मित्तल?

दिव्या मित्तल ने अपनी X पोस्ट में इस्तीफे के बाद किसी नई नौकरी, संस्था या बिजनेस प्लान का ऐलान नहीं किया है। इसलिए उनके अगले कदम को लेकर फिलहाल किसी दावे से बचना ही सही होगा। लेकिन उनकी पोस्ट से एक बात साफ संकेत देती है। सरकारी पद छोड़ना उनके लिए लोगों के लिए काम करने का अंत नहीं है। उन्होंने जिस सपने की बात की है, वह पद से जुड़ा हुआ नहीं, बल्कि देश और समाज से जुड़ा है।

13 साल की IAS सेवा के बाद दिव्या मित्तल ने अपनी सरकारी भूमिका को विराम दिया है। अब आगे वह किस रास्ते पर जाती हैं, इसका जवाब आने वाले वक्त में मिलेगा। फिलहाल उनकी विदाई का संदेश एक नौकरी छोड़ने से ज्यादा, अपने अब तक के सफर को धन्यवाद कहने जैसा है।

अपने सोशल मीडिया पोस्ट में दिव्या मित्तल ने क्या लिखा?

दिव्या मित्तल ने एक्स में लिखा,

''आज मैंने 13 वर्षों की अविस्मरणीय यात्रा को अपनी इच्छा से विराम देते हुए IAS से त्यागपत्र दे दिया है। साधारण परिवेश में पलते हुए मैंने एक अच्छे, सफल जीवन का सपना देखा था। दिन-रात एक कर IIT दिल्ली और IIM बैंगलोर से पढ़ने के बाद, लंदन में नौकरी लग गयी। पर 'सब कुछ' पा लेने पर भी कुछ अधूरा था। अपने देश में न होना खलता था। मेरी पढ़ाई, आत्मविश्वास, दुनिया में कहीं भी सिर उठाकर चलने की ताकत, सब इस मिट्टी का कर्ज था मुझ पर। वो कर्ज चुकाना था। चाहती थी जिस भारत का सपना देखा था, उसे बनाने वाली ईंटों पर मेरे भी हाथों के निशान हों। सो लौट आई, और IAS अधिकारी बनने का सौभाग्य मिला। बहुत कुछ करने का मौका मिला और बहुत सीखा। देवरिया ने सिखाया कि सही के साथ खड़ा होना विकल्प नहीं, कर्तव्य है। मिर्जापुर ने सिखाया कि 'असंभव' कोई तथ्य नहीं, बस एक राय है। और माँ विंध्यवासिनी के चरणों में बैठकर सीखा कि शक्ति किसी पद से नहीं, उनकी कृपा और लोगों के विश्वास से आती है। सबसे बड़ी सीख यह थी कि अपने लिए देखे सपने तो पूरे हो चुके थे, अब अपने लोगों के लिए देखे सपनों को जीना था। इस जीवन का असली सुकून उन आंखों में दिखा, जिस परिवार को पहली बार जमीन का हक मिला, जिस दिव्यांग को सम्मान से जीने का अवसर मिला, और जिस किसान के खेत को पानी मिला। उनके संघर्षों में साथ चलते हुए मैंने सीखा कि हर सरकारी फाइल के पीछे एक व्यक्ति है, और उसकी गरिमा बनाये रखना ही न्याय है।''

उन्होंने आगे लिखा, ''मूर्ख थी जो सोचा था कि कुछ देने आई। सच यह है कि सबसे ज्यादा मैंने ही पाया, और वो कर्ज और भी बढ़ता गया। लोग मेरी खुशी में मुझसे ज्यादा खुश हुए। उन्होंने मुझे तब भी उसी विश्वास से देखा, जब मैं खुद ही थकी या टूटी थी। और इसी ने आगे बढ़ते रहने की हिम्मत दी। इतना प्यार, इतना सम्मान, इतना अपनापन मिला, कि मेरी झोली पूरी भर गयी। और इसमें उन साथियों, अधिकारियों और कर्मचारियों का भी बहुत बड़ा श्रेय है जिन्होंने मेरे कंधे से कंधा मिलाकर काम किया और साथ डटे रहे। आज आभार से आँखें नम हैं। बस एक दृश्य इनमें बसा है। लहुरिया दह की पहाड़ी की वो वृद्ध मां, जो अपने गांव में पहली बार पानी पहुंचता देख कुछ नहीं बोली, बस कांपते हाथों से मेरा सिर छूकर आशीर्वाद दे गई। पद तो आज छूट गया, पर वह स्पर्श जीवन भर नहीं छूटेगा। और वह सपना भी नहीं छूटेगा, जो देश की इस मिट्टी ने मुझे दिया है।''

लंदन की नौकरी छोड़ी, फिर IAS बनीं, कौन हैं दिव्या मित्तल?

दिव्या मित्तल की शुरुआती पढ़ाई दिल्ली में हुई। 12वीं के बाद उन्होंने IIT दिल्ली का रुख किया। साल 2001 से 2005 के बीच उन्होंने यहां से बीटेक की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने CAT परीक्षा पास की और IIM बेंगलुरु में दाखिला लिया। 2005-07 बैच में उन्होंने MBA किया और अपने बैच के टॉप 5 फीसदी स्टूडेंट्स में जगह बनाई।

MBA पूरा करने के बाद दिव्या मित्तल ने लंदन में नौकरी शुरू की। करियर की अच्छी शुरुआत के बावजूद वह ज्यादा समय तक विदेश में नहीं रहीं। बाद में उन्होंने भारत लौटने का फैसला किया और UPSC सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी।

दिव्या ने पहले प्रयास में UPSC पास कर IPS सेवा हासिल की। इसके बाद उन्होंने दोबारा परीक्षा दी और ऑल इंडिया रैंक 68 के साथ IAS सेवा में जगह बनाई। इस तरह कॉरपोरेट करियर से शुरू हुआ उनका सफर देश की सबसे प्रतिष्ठित प्रशासनिक सेवाओं तक पहुंचा।

मई 2026 में दिव्या मित्तल ने सोशल मीडिया पर अपनी पढ़ाई और जीवन के अनुभवों को लेकर एक पोस्ट शेयर की थी। इसमें उन्होंने अपनी शिक्षा के पूरे सफर को याद किया। उन्होंने बताया कि IIT दिल्ली, IIM बेंगलुरु और फिर IAS की तैयारी ने उन्हें मुश्किल परीक्षाओं से गुजरने और बड़ी जिम्मेदारियां उठाने के लिए तैयार किया।

लेकिन उनके मुताबिक, पढ़ाई के दौरान जिंदगी के दूसरे पहलुओं की तैयारी नहीं हो पाई। उन्होंने कहा कि स्कूल और कॉलेज ने उन्हें कठिन लक्ष्य हासिल करना तो सिखाया, लेकिन भावनात्मक उतार-चढ़ाव, अकेलेपन और जिंदगी की मुश्किल परिस्थितियों से निपटना नहीं सिखाया गया।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+