Yamuna Boat Capsized: मथुरा नाव हादसे में बढ़ा मृतकों का आंकड़ा, 13 श्रद्धालुओं के शव बरामद, दोषी गिरफ्तार
Vrindavan Boat Accident: मथुरा के वृंदावन में यमुना में शुक्रवार को हुए भीषण नाव हादसे ने पूरे देश को गमगीन कर दिया है। रविवार को रेस्क्यू ऑपरेशन के तीसरे दिन दो और शव बरामद होने के बाद इस दुर्घटना में जान गंवाने वालों की कुल संख्या बढ़कर 13 हो गई है। प्रशासन और बचाव दल अभी भी लापता 3 अन्य लोगों की तलाश में पूरी ताकत झोंक रहे हैं।
दरअसल, रविवार सुबह लुधियाना (पंजाब) की रहने वाली बीए फाइनल ईयर की छात्रा डिंकी और जगराओं के ऋषभ शर्मा के शव यमुना से निकाले गए। पानी में शव फूलकर ऊपर आने के बाद इन्हें रस्सी के सहारे बाहर निकाला गया। परिजनों ने उनकी पहचान की।

20 किलोमीटर तक सर्च ऑपरेशन, रोका गया यमुना का पानी
लापता 3 लोगों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन का दायरा 14 किमी से बढ़ाकर 20 किमी कर दिया गया है। मौके पर NDRF, SDRF और सेना के करीब 250 जवान तैनात हैं। सर्च ऑपरेशन को आसान बनाने के लिए प्रशासन ने हरनौल और जानी एस्केप से यमुना में आने वाले पानी को रुकवा दिया है, ताकि जलस्तर कम होने पर लापता लोगों को जल्द खोजा जा सके।
लापरवाही पर बड़ा एक्शन
प्रशासन ने इस मामले में सख्त रुख अपनाते हुए नाविक पप्पू निषाद और पांटून पुल के ठेकेदार नारायण शर्मा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया है कि छोटी नाव में क्षमता से अधिक 38 श्रद्धालु सवार थे और सुरक्षा मानकों (जैसे लाइफ जैकेट) की भारी कमी थी। केसी घाट के पास पांटून पुल से टकराने के कारण नाव का संतुलन बिगड़ा और यह बड़ा हादसा हो गया।
अब तक कुल 22 श्रद्धालुओं को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि लापता लोगों के परिजन अभी भी अपनों की तलाश में नदी किनारे टकटकी लगाए बैठे हैं। स्थानीय प्रशासन ने भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सभी घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने के निर्देश दिए हैं।
मृतकों के नाम यहां दिए गए हैं
- कविता रानी (49)
- चरनजीत (40)
- रिकेश गुलाटी
- मधुर बहल
- आशा रानी
- पिंकी बहल (38)
- अंजू गुलाटी
- ईशान कटारिया
- मीनू बंसल
- सपना
- हंस (55)
- डिंकी
- ऋषभ शर्मा












Click it and Unblock the Notifications