सुल्तानपुर: हत्या की गजब उलझी गुत्थी, जितने मुंह उतनी बात! प्रेमी जोड़े की मौत पर गहराए कई सवाल
11 मई 2017 को ज्योति की शादी की तारीख पक्की थी। तभी सोमवार को बड़ी घटना अंजाम पा गई। लोगों की मानें तो किसी मित्र से मिलने के बहाने श्याम यादव ज्योति के गांव नौगावा रायतासी आया था।
सुल्तानपुर। गांव में लोगों ने इकट्ठा होकर एक प्रेमी जोड़े की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि दोनों आपत्तिजनक हालत में मिले थे जिससे लोगों में गुस्सा फूट पड़ा और भीड़ ने बेरहमी से दोनों की हत्या कर दी। मामला कुडवार थाने के नौगावा रायतासी का है जहां दिन दहाड़े हुई इस घटना से क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस के उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे।

इस तरह शुरू हुआ था प्रेम प्रसंग
जानकारी के मुताबिक नौगावा रायतासी का रहने वाला राजेश्वर सिंह जो की मौजूदा समय में ग्राम प्रधान हैं, कुछ साल पहले कोतवाली नगर के रानीगंज अमहट में किराए के मकान में रहता था। उसकी बेटी ज्योति सिंह भी परिवार संग यही रहकर पढ़ाई करती थी। इस बीच स्कूल आते-जाते उसकी मुलाकात पड़ोस के राम नरेश यादव से हो गई। देखते ही देखते दोनों की ये मुलाकात प्रेम प्रसंग में बदल गई।

गांव आकर रहने लगा था लड़की का परिवार
इस बीच कुछ दिन पहले राजेश्वर सिंह परिवार संग गांव आ गए। यहां भी पंचायती चुनाव लड़ा, जीते और प्रधान हो गए। लेकिन बेटी ज्योति का श्याम के साथ चल रहा प्रेम प्रसंग समय के साथ परवान चढ़ता रहा। इसे देख ज्योति के पिता ने उसकी शादी तय कर दिया।

मई में होनी थी शादी उससे पहले हुआ ये
11 मई 2017 को ज्योति की शादी की तारीख पक्की थी। तभी सोमवार को बड़ी घटना अंजाम पा गई। लोगों की मानें तो किसी मित्र से मिलने के बहाने श्याम यादव ज्योति के गांव नौगावा रायतासी आया था। इस बीच श्याम की मुलाकात ज्योति से हुई। इसी दौरान बताया जा रहा है की गांव के लोगों ने श्याम(28) और ज्योति(26) को संदिग्ध अवस्था में देख लिया। इस पर गुहार हुई और लोग जमा हो गए। सूत्रों की मानें तो जमा हुई भीड़ ने दोनों को पीट-पीटकर मार डाला। वहीं आक्रोशित भीड़ ने लड़के की स्कूटी को भी तोड़ डाला।

चाकू से गोदकर की मेरी बेटी की हत्या: राजेश्वर सिंह
लड़की के पिता राजेश्वर सिंह की मानें तो श्याम यादव उनके गांव पहुंचा। फिर वो धड़धाता हुआ उनके घर में घुस आया और उसके बाद उसने उनकी बेटी की चाकू से गोदकर हत्या कर दिया। जिस देख परिजन चिल्ला उठे इस पर भीड़ जमा हो गई। इसके बाद घटना को देख आक्रोशित भीड़ ने लड़के को इस अंजाम पर पहुंचा दिया।

मृतक के भाई ने लगाए गंभीर आरोप
उधर घटना में मौत के घाट उतारे गए श्याम के बड़े भाई राम बहादुर यादव ने लड़की के परिजनों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। राम बहादुर का कहना है की उसके भाई को फोन करके वहां बुलाया गया और फिर उसकी हत्या कर दी गई। इसी आशय से संबंधित कुछ लोगों के विरुद्ध उसने थाने में तहरीर भी दी है।

पुलिस को मिली तहरीर, दर्ज होगा मुकदमा
घटना के बाद एसपी पवन कुमार, सीओ सिटी मुकेश मिश्रा आदि पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। इस बीच पुलिस के अधिकारियों ने मौके पर जांच की और बयान दर्ज किए। दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। इस बाबत सीओ सिटी मुकेश मिश्रा का कहना है कि तहरीर मिल गई है, मुकदमा दर्ज किया जाएगा। लेकिन घटना किसने और कैसे अंजाम दी ये जांच का विषय है इस पर अभी कुछ बोलना जल्दबाजी होगी।












Click it and Unblock the Notifications