मानिकपुर रेल हादसा: सीनियर सेक्शन इंजीनियर समेत तीन रेलकर्मी सस्पेंड
इलाहाबाद। मानिकपुर में बेपटरी हुई वास्कोडिगामा-पटना एक्सप्रेस मामले में सीनियर सेक्शन इंजीनियर राजेश वर्मा समेत तीन रेल कर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। विभागीय जांच पूरी होने पर अभी कई और कर्मियों पर भी गाज गिरना तय मानी जा रही है। मानिकपुर पहुंचे रेल संरक्षा आयुक्त (सीआरएस) सतीश कुमार पांडेय ने रेलकर्मियों से पूछताछ की और बुधवार को वह इलाहाबाद के अफसरों से भी हादसे से जुड़े तथ्यों पर पूछताछ करेंगे।

24 नवंबर को तड़के सुबह मानिकपुर में वास्कोडिगामा-पटना एक्सप्रेस बेपटरी हो गई थी। इस हादसे में 3 यात्रियों की मौत हो गई थी, जबकि 9 लोग घायल हुए थे। हादसे के बाद चेयरमैन रेलवे बोर्ड (सीआरबी) अश्विनी लोहानी ने जांच के आदेश दिये थे। जिसमें प्रथमदृष्टया सीनियर सेक्शन इंजीनियर समेत तीन रेल कर्मी दोषी पाये गये हैं। इस मामले में सीनियर सेक्शन इंजीनियर राजेश वर्मा समेत तीन रेल कर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। विभागीय जांच पूरी होने पर अभी कई और कर्मियों पर भी गाज गिरना तय मानी जा रही है।
इलाहाबाद के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) संजय कुमार पंकज ने बताया कि विभागीय जांच गहनता से हो रही है, लापरवाही बरतने वाले बख्शे नहीं जायेंगे। अभी तक की जांच में जो भी तथ्य मिले हैं उसे सोमवार को सीआरएस के समक्ष रखा जायेगा। लगभग आधा दर्जन लोगों पर कार्रवाई की तलवार लटक रही है।












Click it and Unblock the Notifications