Shreya Upadhyay कौन थी? प्रेमी ने पकड़ा-किलर ने काटा गला, पोस्टमार्टम में खुला 20 मिनट लाश संग क्या-क्या हुआ?

Varanasi Shreya Upadhyay Murder Case: वाराणसी के चर्चित 22 साल की एमएससी छात्रा श्रेया उपाध्याय उर्फ मोनू की हत्याकांड की कहानी जैसे-जैसे खुल रही है, साजिश की परतें उतनी ही भयावह होती जा रही हैं। इकलौती बेटी श्रेया घर से कॉलेज को निकली और लापता हो गई। करीब 3 दिन के बाद 200 किलोमीटर दूर किराए के कमरे के बाथरूम में श्रेया की लाश मिली। काफी बदबू भी आ रही थी, मानो सड़ने लगी हो। जल्द ही दुल्हन बनने वाली श्रेया के बदन पर धारदार हथियार के निशान थे। हाथ-पैर बंधे हुए थे। कपड़े अस्त-वस्त थे।

पुलिस की पड़ताल में पता चला कि श्रेया के कथित प्रेमी विवेक ने अपने दोस्त को 22 लाख की सुपारी देकर हत्या करवाई। विवेक ने श्रेया के पकड़ा और दोस्त से गला काट दिया। 7 दिनों से फरार आरोपी पुलिस को चक्कर गिन्नी की तरह नचा रहे हैं। 20 मिनट तक श्रेया की लाश के साथ वक्त बिताने वाले सुपारी किलर को 24 अगस्त को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दबोच लिया। मुख्य आरोपी व कथित प्रेमी विवेक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।आइए विस्तार से जानते हैं कि कैसे क्या हुआ....

varanasi-shreya-upadhyay-murder

Who Was Shreya Upadhyay: कौन थीं श्रेया उपाध्याय?

वाराणसी के राजातालाब इलाके की रहने वाली श्रेया उपाध्याय उर्फ मोनू जगतपुर पीजी कॉलेज में एमएससी की पढ़ाई कर रही थीं। परिवार के मुताबिक, वह माता-पिता की इकलौती बेटी थी। श्रेया की शादी भी तय हो चुकी थी और परिवार शादी की तैयारियों में जुटा था। इसी दौरान श्रेया की जिंदगी में दूर के रिश्तेदार विवेक चौबे को लेकर विवाद गहराता गया। परिवार का आरोप है कि विवेक श्रेया पर शादी के लिए दबाव डालता था और उसे धमकाता भी था। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि वह श्रेया की कुछ तस्वीरों का इस्तेमाल कर उसे ब्लैकमेल करता था। हालांकि, इन आरोपों की अलग-अलग स्तर पर जांच की जा रही है।

18 अगस्त: कॉलेज के लिए निकलीं, लेकिन कॉलेज पहुंचीं ही नहीं

18 अगस्त की सुबह श्रेया घर से कॉलेज जाने के लिए निकली थीं। देर तक घर नहीं लौटने पर परिवार ने उन्हें फोन किया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। जब परिजनों ने कॉलेज से जानकारी ली तो, पता चला कि श्रेया उस दिन कॉलेज पहुंची ही नहीं थीं। इसके बाद परिवार ने पुलिस को सूचना दी और मोबाइल की लोकेशन खंगाली गई। यहीं से जांच की दिशा बच्छांव पश्चिमपुरा की तरफ मुड़ी। मोबाइल की लोकेशन एक किराये के कमरे के आसपास मिल रही थी। परिवार पुलिस के साथ वहां पहुंचा। लेकिन आरोप है कि कमरे का दरवाजा नहीं खुलवाया गया, जबकि मोबाइल की लोकेशन अंदर से मिल रही थी।

varanasi-shreya-upadhyay-murder

उसी कमरे में था मौत का राज

जिस कमरे पर पुलिस और परिवार पहुंचे थे, वह विवेक चौबे ने किराये पर ले रखा था। मकान मालिक के मुताबिक, विवेक ने करीब दो महीने पहले कमरा किराये पर लिया था। श्रेया के परिजनों को जब विवेक के बारे में पता चला तो शक और गहरा गया। परिवार विवेक के ननिहाल भुवालपुर, सीखड़, मिर्जापुर पहुंचा। वहां उसकी बाइक, बैग और हेलमेट मिले। सबसे अहम चीज थी, बैग में रखी कमरे की चाबी। चाबी लेकर परिजन बच्छांव स्थित कमरे पर पहुंचे। दरवाजा खोला गया तो, अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए।

बाथरूम में खून से लथपथ मिली लाश, पोस्टमार्टम ने खोली हत्या की क्रूरता

बाथरूम में श्रेया का शव खून से सना पड़ा था। लाश से काफी बदबू भी आ रही थी, मानो सड़ने लगी हो। बदन पर धारदार हथियार के निशान थे। हाथ-पैर बंधे हुए थे। कपड़े अस्त-वस्त थे। बाद की जांच में सामने आया कि शव कई घंटे से कमरे में पड़ा था और हालत खराब हो चुकी थी। पोस्टमार्टम में धारदार हथियार से गले और पेट पर चोट के निशान मिले। अत्यधिक रक्तस्राव को मौत का कारण बताया गया। दुष्कर्म की पुष्टि के लिए सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे।

varanasi-shreya-upadhyay-murder

जांच में सामने आया कि श्रेया की मौत गला काटने से हुई। शरीर पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले थे। पुलिस जांच में पैरों को बांधे जाने और सिर पर चोट किए जाने की बात भी सामने आई। यानी पुलिस के सामने यह सवाल था कि आखिर एक अकेला व्यक्ति यह सब कैसे कर सकता था? इसी सवाल ने जांच को एक नए संदिग्ध तक पहुंचाया।

तीसरा शख्स कौन था? यहीं से खुली 22 लाख की सुपारी

घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। पुलिस को पता चला कि विवेक चौबे के अलावा एक और युवक उस मकान के आसपास मौजूद था। 18 अगस्त की सुबह करीब पौने दस बजे एक संदिग्ध युवक मकान की छत पर दिखाई दिया। कुछ समय बाद विवेक और श्रेया कमरे के भीतर गए। फिर विवेक के साथ यही युवक बाहर निकला। फर्क सिर्फ इतना था कि विवेक बाइक से चला गया, जबकि दूसरा युवक कैब से वहां से निकला। पुलिस ने कैब की पहचान की और ड्राइवर तक पहुंची। पूछताछ में संदिग्ध युवक का मोबाइल नंबर मिला। इसके बाद सीडीआर, आईपीडीआर और लोकेशन की मदद से पुलिस ने उसकी पहचान पुनीत मिश्रा (Puneet Mishra) के रूप में की।

पुनीत और विवेक की दोस्ती ने जोड़ी अगली कड़ी

पुलिस के मुताबिक, पुनीत और विवेक पुराने दोस्त हैं। दोनों ने मिर्जामुराद स्थित एक कॉलेज से बीफार्मा की पढ़ाई की थी। पूछताछ में पुनीत ने कथित तौर पर बताया कि वह आर्थिक तंगी से गुजर रहा था। महंगे शौक और कर्ज के कारण उस पर आर्थिक दबाव था। इसी दौरान विवेक ने उसे श्रेया की हत्या में साथ देने का प्रस्ताव दिया। बदले में 22 लाख रुपये देने का वादा किया गया।

पुलिस के अनुसार, पुनीत ने पूछताछ में बताया कि विवेक उससे कहता था कि वह श्रेया से परेशान है और उसे रास्ते से हटाना चाहता है। हालांकि, हत्या की असल वजह के बारे में पुनीत ने खुद अनभिज्ञता जताई है।

17 अगस्त की रात: किराये के कमरे में पहुंची साजिश

पुलिस के मुताबिक, हत्या की योजना के तहत 17 अगस्त की रात विवेक और पुनीत बच्छांव पश्चिमपुरा स्थित किराये के कमरे में पहुंचे थे। यह कमरा विवेक ने करीब दो महीने पहले लिया था। कमरे में गृहस्थी का खास सामान भी नहीं था। पुलिस को बाद में वहां मुख्य रूप से गद्दा और तकिया मिला। यानी जिस कमरे में सामान्य तौर पर किसी व्यक्ति का रहना चाहिए था, वह कथित तौर पर इस मुलाकात और हत्या के लिए इस्तेमाल हुआ।

18 अगस्त की सुबह: कमरे में पहुंचते ही हमला

पुनीत के पुलिस को दिए कथित बयान के मुताबिक, 18 अगस्त की सुबह विवेक श्रेया को कमरे पर लेकर आया। पुनीत पहले से वहां मौजूद था। पुलिस के अनुसार, कमरे में पहुंचते ही विवेक ने पीछे से श्रेया का गला पकड़ लिया। इसके बाद पुनीत ने धारदार हथियार से उस पर हमला किया। बाद में उसके गले पर भी वार किया गया। श्रेया की मौत के बाद दोनों अलग-अलग रास्ते से वहां से निकल गए। यहां जांच का सबसे अहम बिंदु यही है कि पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या की पूरी साजिश किसने और कब तैयार की थी?

श्रेया की लाश संग बिताए 20 मिनट, क्या-क्या हुआ?

पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद विवेक ने पुनीत से कहा कि वह रुपये लेने जा रहा है। बाथरूम में पड़ी श्रेया की लाश, पुनीत कमरे में ही इंतजार करता रहा। करीब 20 मिनट तक पुनीत लाश के साथ रहा। जब विवेक वापस नहीं आया और उसका फोन भी बंद हो गया तो पुनीत ने कैब बुक की और वहां से निकल गया। यही कैब आगे चलकर पुलिस की जांच में सबसे अहम कड़ी बन गई।

कैब ड्राइवर ने खोली पहचान की गांठ

सीसीटीवी में कैब दिखाई दी थी। पुलिस ने कैब को ट्रेस किया और ड्राइवर से पूछताछ की। ड्राइवर से मिले मोबाइल नंबर के आधार पर पुनीत की तकनीकी निगरानी शुरू हुई। सीडीआर में विवेक और पुनीत के बीच लगातार संपर्क सामने आया। इसके बाद पुलिस का शक यकीन में बदलने लगा कि हत्या में सिर्फ विवेक नहीं, बल्कि कोई और भी शामिल था।

24 अगस्त: लोकेशन से लेकर मुठभेड़ तक पहुंची पुलिस

varanasi-shreya-upadhyay-murder

पुनीत की लोकेशन घटनास्थल के अलावा उसके मामा के घर चुनार के आसपास भी मिली। 24 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली कि पुनीत जखनी के जमुनी तिराहे से रमईपुर मोड़ की तरफ जा रहा है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान उसे रोकने की कोशिश की। पुलिस के मुताबिक, पुनीत ने टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से अवैध हथियार और कारतूस बरामद होने की बात पुलिस ने कही है। मुख्य आरोपी विवेक चौबे अभी फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

श्रेया को क्यों मारा गया? सबसे बड़ा सवाल अभी बाकी

हत्याकांड का एक आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुका है, लेकिन इस केस का सबसे बड़ा सवाल अभी पूरी तरह हल नहीं हुआ है, विवेक ने आखिर श्रेया की हत्या क्यों कराई? परिवार का आरोप है कि विवेक श्रेया से शादी करना चाहता था। उसे आशंका थी कि श्रेया की दूसरी जगह शादी होने के बाद उसका उससे संबंध खत्म हो जाएगा। परिजनों ने संपत्ति को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि श्रेया परिवार की इकलौती बेटी थीं और परिवार की संपत्ति पर भी आरोपी की नजर थी। दूसरी ओर, पुलिस के अनुसार पुनीत ने हत्या की वजह के तौर पर केवल इतना बताया कि विवेक श्रेया से परेशान था। इसलिए संपत्ति, शादी से इनकार, कथित ब्लैकमेल और पुराना विवाद, इन सभी पहलुओं की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस पर भी उठे सवाल?

इस केस की सबसे गंभीर कड़ियों में पुलिस की शुरुआती कार्रवाई को लेकर उठे सवाल भी हैं। परिजनों का आरोप है कि 18 अगस्त की रात श्रेया के मोबाइल की लोकेशन बच्छांव स्थित उसी मकान में मिल रही थी। परिवार पुलिस के साथ वहां पहुंचा था, लेकिन दरवाजा नहीं खुलवाया गया। 19 अगस्त को भी परिजन कमरे के बारे में जानकारी जुटाते रहे। इसी दौरान विवेक के ननिहाल में उसकी बाइक और बैग मिलने की जानकारी सामने आई। बैग से कमरे की चाबी मिली और आखिरकार उसी चाबी से कमरा खोला गया। अगर परिजनों के आरोप सही पाए जाते हैं, तो सवाल उठेगा कि मोबाइल की लाइव लोकेशन मिलने के बावजूद उस समय कमरे की तलाशी क्यों नहीं ली गई? इस पहलू पर पुलिस की भूमिका की भी जांच की जरूरत होगी।

Varanasi Shreya Upadhyay Murder Case Timeline: श्रेया उपाध्याय हत्याकांड, 7 दिन तक क्या-क्या हुआ?

  • 17 अगस्त की रात: विवेक और पुनीत कथित साजिश के तहत बच्छांव के किराये के कमरे में पहुंचे।
  • 18 अगस्त की सुबह: श्रेया घर से कॉलेज के लिए निकलीं, लेकिन कॉलेज नहीं पहुंचीं। विवेक उसे अपने कमरे पर लेकर आया।
  • 18 अगस्त: कमरे में श्रेया की हत्या की गई। विवेक ने पीछे से श्रेया का गला पकड़ा और पुनीत ने धारदार हथियार से काट दिया। विवेक बाइक से निकला। पुनीत ने कैब बुक की और वहां से चला गया।
  • 18 अगस्त की शाम: विवेक अपने ननिहाल पहुंचा और बाइक व बैग छोड़कर चला गया।
  • 18 अगस्त की रात: परिवार को श्रेया के लापता होने की जानकारी के बाद पुलिस ने मोबाइल लोकेशन ट्रेस की। लोकेशन बच्छांव के कमरे के आसपास मिली।
  • 19 अगस्त: परिजन विवेक के ननिहाल पहुंचे। वहां बैग से कमरे की चाबी मिली।
  • 20 अगस्त की सुबह: चाबी से कमरा खोला गया और बाथरूम में श्रेया का शव मिला।
  • 21-22 अगस्त: पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच से हत्या के तरीके तथा अत्यधिक रक्तस्राव से मौत की जानकारी सामने आई। दुष्कर्म की पुष्टि के लिए नमूने जांच के लिए भेजे गए।
  • 24 अगस्त: सीसीटीवी, कैब ड्राइवर और तकनीकी साक्ष्यों की कड़ियां जोड़कर पुलिस पुनीत मिश्रा तक पहुंची। मुठभेड़ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+