रामपुर के इस सामान की है दुनिया में भारी मांग, अमेरिका ने 100 करोड़ का ऑर्डर मंगाया
रामपुर। उत्तर प्रदेश में रामपुर जिले के मेन्थॉल (मेंथा ऑयल) की दुनिया में बड़ी मांग है। सालभर में यहां लगभग 1750 करोड़ का मेन्थॉल निर्यात होता है। खबर है कि, अब अमेरिका ने सौ करोड़ रुपए कीमत का मेंथॉल अपने लिए मंगाया है। बता दें कि, मेंथॉल पुदीने व पिपरमेंट से तैयार होने वाला खास तरल होता है। यह खाने पर गले को ठंडा कर देता है और हवा जैसा अहसास मिलता है। इसका सुपारी, पान, चॉकलेट, सिगरेट एवं कफ सीरप में ज्यादा इस्तेमाल होता है।

3 महीनों में ही 350 करोड़ का एक्सपोर्ट
उत्तर प्रदेश मैंथा एक्सपोर्टर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष विष्णु कपूर ने बताया कि, 'लॉकडाउन की अवधि के ढाई माह में ही रामपुर से करीब 350 करोड़ का निर्यात हुआ। अमेरिका, इटली, स्पेन, जर्मनी, ब्राजील जैसे देश हमसे मैंथा उत्पाद खूब खरीदते हैं। इसके क्रिस्टल या मेंथा ऑयल का इस्तेमाल दवा बनाने में भी होता है। उत्तर प्रदेश में इसका रामपुर, मुरादाबाद, चन्दौसी, बाराबंकी, लखनऊ आदि शहरों में उत्पादन होता है।

लॉकडाउन नहीं हुआ होता तो ज्यादा बिकता
वहीं, स्वाति मेंथॉल के चेरयमैन एवं इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन रामपुर के अध्यक्ष एसके गुप्ता ने कहा- 'इन दिनों मेंथॉल की डिमांड अमेरिका के शिकागो, न्यूयार्क और न्यूजर्सी जैसे शहरों में है। ऐसे में अमेरिका को 100 करोड़ से ज्यादा का मैंथा निर्यात किया गया है।' विष्णु कपूर बोले कि, यदि लॉकडाउन लागू नहीं हुआ होता मेंथॉल की डिमांड और ज्यादा होती।'

अफ्रीकी देशों में भी बिकता है यहां मेंथॉल
रामपुर के मेंथॉल की मांग अमेरिका, यूरोप के अलावा अफ्रीकी देशों में भी है। इन दिनों कोरोना से जूझ रहे अमेरिका में रामपुर के मेंथॉल की डिमांड बढ़ गई है। उसके अलावा इटली, ब्राजील, स्विटजरलैंड, फ्रांस और जर्मनी आदि देशों को भी करीब 250 करोड़ का मेन्थॉल बेचा गया है। प्रदेशभर की बात की जाए तो सालाना 3000 करोड़ और देश की बात की जाए तो करीब 6500 करोड़ से अधिक का मेंथॉल निर्यात होता है।

यहां 10 हजार से ज्यादा किसान कर रहे फसल
अकेले रामपुर में 10 हजार से ज्यादा किसान मैंथा की फसल उगाते हैं और फिर टंकियों में तेल निकालते हैं। हजारों मजदूर इस तरह के काम में किसानों के साथ लगे रहते हैं। जिससे मैंथा पाउडर, क्रिस्टल और मेंथॉल तैयार होता है। फिर, मैंथा उत्पादों से दर्द निवारक दवा, कफ सीरप, साबुन और सैनिटाइजर भी बनते हैं।
फसल बर्बाद करने से गुस्साए किसान ने खेत पर टिड्डी से चलवाया 'हल', वायरल हुआ वीडियो












Click it and Unblock the Notifications