UPMSP: यूपी बोर्ड प्रैक्टिकल परीक्षा में भारी धांधली! बोर्ड के नोटिस से मचा हड़कंप, क्या रद्द होंगे नंबर?
UP Board Practical Exam 2026: UPMSP की चल रही कक्षा 12वीं की प्रैक्टिकल परीक्षाओं को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। परीक्षाओं में बड़े पैमाने पर कुप्रबंधन और अनियमितताओं की शिकायतों के बाद बोर्ड ने कड़ा रुख अपनाते हुए एक दर्जन से अधिक स्कूलों और परीक्षा अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है। बोर्ड के इस सख्त कदम से शिक्षा जगत में हड़कंप मच गया है।
बोर्ड ने स्पष्ट कर दिया है कि परीक्षाओं की शुचिता और विश्वसनीयता से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा। लापरवाह केंद्रों के खिलाफ सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की तैयारी कर ली गई है।

UP Board Exam 2026: जांच के घेरे में परीक्षक
पिछले दो हफ्तों से चल रही प्रैक्टिकल परीक्षाओं के दौरान कई केंद्रों से कुप्रबंधन और नियमों के उल्लंघन की खबरें मिली थीं। सबसे चौंकाने वाला मामला तब सामने आया जब एक परीक्षक ने गोपनीयता की धज्जियां उड़ाते हुए छात्रों की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा कर दीं। रिपोर्ट्स के अनुसार, बोर्ड ने इसे परीक्षा नियमों का गंभीर उल्लंघन माना है। इसके अलावा कई केंद्रों पर प्रक्रियात्मक खामियां और परीक्षकों के अनुचित व्यवहार की शिकायतें भी दर्ज की गई हैं।
UP Board Exam 2026: अंतिम तिथि बढ़ाकर 13 फरवरी की गई
चूंकि यह मामला अभी विभागीय सुधार और व्यवस्था को दुरुस्त करने का विषय है, इसलिए बोर्ड ने छात्रों के हित को ध्यान में रखते हुए प्रैक्टिकल परीक्षाओं की अंतिम तिथि बढ़ाकर 13 फरवरी, 2026 कर दी है। प्रशासनिक कारणों से जिन केंद्रों पर परीक्षाएं लंबित थीं या अंकों की ऑनलाइन फीडिंग नहीं हो पाई थी, उन्हें अब अतिरिक्त समय दिया गया है।
UP Board Exam 2026: जवाब न देने पर होगी कार्रवाई
यूपी बोर्ड के अधिकारियों ने संबंधित स्कूलों और परीक्षकों से इन घटनाओं पर विस्तृत स्पष्टीकरण मांगा है। बोर्ड ने चेतावनी दी है कि यदि जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया, तो बोर्ड के नियमों के तहत दोषियों की जवाबदेही तय की जाएगी और उनके खिलाफ कड़ी प्रशासनिक कार्यवाही होगी। अधिकारियों ने जोर दिया कि मूल्यांकन प्रणाली में पारदर्शिता और अनुशासन अनिवार्य है। प्रैक्टिकल परीक्षाओं के नंबर रद्द होंगे या नहीं इसकी अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है।
UP Board Exam 2026: छात्रों और अभिभावकों के लिए निर्देश
बोर्ड ने स्कूलों के प्रधानाचार्यों को निर्देश दिया है कि संशोधित समय-सीमा के भीतर सभी मूल्यांकन पूरे कर आधिकारिक पोर्टल पर अंक अपलोड कर दिए जाएं। साथ ही छात्रों और अभिभावकों को सलाह दी गई है कि वे किसी भी भ्रम से बचने के लिए आधिकारिक घोषणाओं पर नजर रखें और अपने संबंधित स्कूलों के संपर्क में रहें।












Click it and Unblock the Notifications