Schools Holiday Calendar 2026: स्कूलों का नया कैलेंडर जारी, साल में 112 छुट्टियां! कब-कब बंद रहेंगे विद्यालय?
UP Schools Holiday Calendar 2026: उत्तर प्रदेश के माध्यमिक स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों और शिक्षकों के लिए बड़ी खबर है। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने वर्ष 2026 के लिए नया शैक्षणिक कैलेंडर (Academic calendar) और अवकाश तालिका (Holiday List) जारी कर दी है।
इस नए कैलेंडर के अनुसार, साल 2026 के 365 दिनों में से विद्यालयों में कुल 238 दिन पढ़ाई होगी, जबकि रविवार और त्योहारों को मिलाकर कुल 112 दिन अवकाश रहेगा। माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. महेंद्र देव द्वारा जारी इस निर्देश में परीक्षाओं और विशेष छुट्टियों को लेकर भी स्थिति साफ की गई है।

UP Schools Holiday Calendar 2026: साल में 112 दिन अवकाश
नए कैलेंडर के मुताबिक, पूरे वर्ष में छुट्टियों का गणित काफी बैलेंस रखा गया है। त्योहारों और रविवार के अवकाश के अलावा, यूपी बोर्ड की परीक्षाओं के लिए 15 दिन निर्धारित किए गए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि स्थानीय आवश्यकताओं या विशेष परिस्थितियों को देखते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य अपने विवेक से 3 दिनों की अतिरिक्त छुट्टियां घोषित कर सकते हैं।
इसके साथ ही, माध्यमिक विद्यालयों में महापुरुषों और स्वतंत्रता सेनानियों की जयंती पर अवकाश के बजाय कम से कम एक घंटे का सेमिनार या गोष्ठी आयोजित करना अनिवार्य होगा।
UP Schools Holiday Calendar 2026: महिला शिक्षकों के लिए विशेष नियम
नए कैलेंडर में महिला शिक्षकों की धार्मिक आस्था और परंपराओं का विशेष ध्यान रखा गया है। विवाहित शिक्षिकाओं को 'करवा चौथ' पर अवकाश मिलेगा। इसके अतिरिक्त, हरियाली तीज, संकठा चतुर्थी, ललई छठ, जीउतिया व्रत और अहोई अष्टमी जैसे व्रतों में से किन्हीं दो पर्वों पर शिक्षिकाएं प्रधानाचार्य के पास आवेदन देकर छुट्टी ले सकेंगी।
वहीं, शोक सभाओं को लेकर सख्त निर्देश दिए गए हैं कि विद्यालय में कार्यरत स्टाफ या छात्र के निधन पर ही शोक सभा होगी, जो कि अंतिम वादन (Last Period) में आयोजित की जाएगी।
गणतंत्र दिवस से पहले चकाचक होंगे परिषदीय स्कूल
महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी ने स्कूलों के कायाकल्प को लेकर भी कड़े निर्देश जारी किए हैं। उत्तर प्रदेश के सभी परिषदीय स्कूलों को 26 जनवरी 2026 से पहले पूरी तरह साफ-सुथरा और सुसज्जित करने का लक्ष्य दिया गया है। स्कूलों में मूलभूत सुविधाओं जैसे शौचालय, पीने का पानी और सुरक्षित शैक्षिक वातावरण को बेहतर बनाया जाएगा। गणतंत्र दिवस के राष्ट्रीय पर्व को गरिमापूर्ण ढंग से मनाने के लिए परिसरों की सफाई के साथ-साथ रंग-रोहन के भी निर्देश दिए गए हैं।
स्थानीय छुट्टियों पर जिलाधिकारी का रहेगा कंट्रोल
कैलेंडर में साफ किया गया है कि विशेष क्षेत्रीय त्योहारों या स्थानीय आयोजनों के लिए छुट्टियों का निर्धारण जिलाधिकारी (DM) के स्तर से किया जाएगा। यदि किसी महापुरुष की जयंती पर रविवार या पूर्व निर्धारित अवकाश पड़ता है, तो उससे संबंधित गोष्ठी या कार्यक्रम एक दिन पहले आयोजित किए जाएंगे। राष्ट्रीय पर्वों के दिन सभी विद्यालयों में ध्वजारोहण और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन अनिवार्य रूप से किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications