UP School holiday: कड़ाके की ठंड में बच्चों की हुई मौज, यूपी के कई जिलों में इस तारीख तक बंद किए गए स्कूल
UP School holiday:उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ और अन्य जिलों में हाड़ कपाने वाली ठंड पड़ रही है। कोहरे और शीतलहर के जबरदस्त प्रकोप के कारण लोगों को घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। पहले उम्मीद की जा रही थी कि 14 जनवरी को मकर संक्रात्ति के बाद जाड़ा कम होगा लेकिन ऐसा नहीं हुआ। शीतलहर के कारण गलन और ठिठुरन बढ़ गई है।
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में शीतलहर और कोहरा छाए रहने को लेकर अलर्ट जारी किया है। इस अलर्ट के बाद उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ समेत अन्य कई जिलों में बच्चों में छुट्टियां बढ़ाने का आदेश जारी कर दिया गया है। हालांकि कई जिलों में स्कूल के समय में परिवर्तन किया गया है। आइए जानते हैं आपके जिले का हाल?

इस तारीख तक बंद किए गए स्कूल
शिक्षा निदेशक (बेसिक) अधिकारी प्रताप सिंह बघेल ने लखनऊ समेत राज्य के स्कूलों में जाड़े की छुट्टियां बढ़ाए जाने को लेकर आदेश जारी किया है। इस आदेश में शिक्षा निदेशक ने राज्य के सभी सरकारी और मान्यता प्राप्त सभी स्कूलों में कक्षा 1 से आठ तक की छुट्टी 16 और 17 जनवरी तक बढ़ाने का आदेश दिया है। हालांकि कुछ जिलों के जिलाधिकारी और शिक्षा विभाग ने स्कूलों की छुट्टी को लेकर अलग-अलग आदेश दिया है।
क्या शिक्षकों और स्कूल स्टॉफ की भी रहेगी छुट्टी
हालांकि ठंड के चलते बच्चों के लिए तो स्कूल बंद करने का आदेश दिया गया है लेकिन शिक्षकों और कर्मचारियों को स्कूल के निर्धारित समय पर स्कूल पहुंचना होगा। बघेल ने अपने आदेश में ये साफ लिखा है शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक और कर्मचारी स्कूल में रहकर विभागीय कार्यो को पूरा करेंगे।

नोएडा में क्या स्कूल किए गए हैं बंद?
नोएडा में आज से स्कूल खोल दिए गए थे लेकिन ठंड और शीतलहर के चलते जिला प्रशासन ने स्कूलों के समय में परिवर्तन किया है। नोएडा में कक्षा आठ तक बच्चों का स्कूल सुबह 10 बजे से शुरू करनेका आदेश दिया है। अगर कोई भी स्कूल आदेश का पालन नहीं करता है तो उसके खिलाफ शिक्षा विभाग सख्त कार्रवाई करेगा।
बरेली में इस तारीख तक बंद किए गए स्कूल
बरेली के जिलाधिकारी ने कक्षा एक से आठ तक बच्चों का स्कूल आगामी 16 जनवरी तक बंद रखने का आदेश दिया है। डीएम के आदेश के अनुसार शीतलहर के चलते जिले के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूल बंद रहेंगे।
शाहजहांपुर और गाजियाबाद में इस तारीख तक स्कूल किए गए बंद
शाहजहांपुर में 16 जनवरी तक और गाजियाबाद में आठवीं तक के बच्चों के स्कूलों में 18 जनवरी तक बंद रखने का आदेश जारी किया है। ये आदेश जिले के सभी सरकारी और गैर सरकारी सीबीएसई और आईसीएससीई के स्कूलों पर लागू होगा।
रायबरेली में बदला गया स्कूल का समय
रायबरेली में ठंड बढ़ने और शीतलहर के प्रकोप के बीच आठवीं तक की कक्षा तक के स्कूल का समय साढ़े दस बजे से दोपहर तीन बजे तक करने आदेश दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications