UP Property News: जनता के लिए राहत भरी खबर, यूपी में अब 6 बजे तक खुलेंगे रजिस्ट्री दफ्तर
UP Property News: उत्तर प्रदेश सरकार ने आम जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए निबंधन कार्यालयों के कार्यकाल में एक घंटे की बढ़ोतरी कर दी है। अब प्रदेशभर के निबंधन कार्यालय शाम 6 बजे तक खुले रहेंगे, जिससे लोग देर शाम तक अपनी रजिस्ट्री करा सकेंगे।
स्टाम्प, न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन राज्य मंत्री रवींद्र जायसवाल ने निर्देश दिए हैं कि मार्च 2025 में निबंधन कार्यालयों का समय बढ़ाया जाएगा। इसके तहत स्लॉट बुकिंग की अंतिम समय सीमा को भी शाम 4 बजे से बढ़ाकर 5 बजे कर दिया गया है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस सुविधा का लाभ उठा सकें।

मार्च के अंतिम रविवार को भी खुले रहेंगे कार्यालय
सरकार ने यह भी घोषणा की है कि मार्च के अंतिम रविवार को भी विलेख पंजीकरण का कार्य सुचारु रूप से जारी रहेगा। इससे उन लोगों को राहत मिलेगी, जो कार्यदिवस में समय नहीं निकाल पाते। सरकार का उद्देश्य है कि इस वित्तीय वर्ष के अंत तक अधिक से अधिक रजिस्ट्रियां हो सकें, जिससे राजस्व लक्ष्य की प्राप्ति सुनिश्चित की जा सके।
इस फैसले को लागू करने के लिए राज्य मंत्री रवींद्र जायसवाल के निर्देश पर महानिरीक्षक निबंधन अमित गुप्ता द्वारा सभी अधीनस्थ कार्यालयों को आवश्यक आदेश जारी कर दिए गए हैं।
त्योहारों को देखते हुए लिया गया निर्णय
मार्च 2025 में होली और नवरात्रि जैसे प्रमुख त्योहारों के चलते पंजीकरण कार्यालयों में अत्यधिक भीड़ की संभावना जताई गई है। सरकार का मानना है कि त्योहारों की वजह से कई अवकाश रहेंगे, जिससे आम जनता को रजिस्ट्री कराने में परेशानी हो सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए मार्च के लिए यह विशेष व्यवस्था की गई है।
राज्य मंत्री रवींद्र जायसवाल ने बताया कि इस निर्णय का उद्देश्य न केवल जनता को सहूलियत देना है बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनसेवा संकल्प को साकार करना भी है।
सरकार ने न केवल कार्यावधि बढ़ाई है बल्कि यह भी निर्देश दिया है कि जरूरत पड़ने पर मार्च 2025 के अन्य अवकाश वाले दिनों में भी उप-निबंधक कार्यालयों को खोला जा सकता है। इसके लिए स्थानीय स्तर पर अधिकारियों को निर्णय लेने की छूट दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications