उत्तर प्रदेश: कानपुर में आप प्रत्याशी विवेक द्विवेदी का ही पड़ गया फर्जी वोट, संजय सिंह भड़के
उत्तर प्रदेश: ,
लखनऊ, 20 फरवरी: उत्तर प्रदेश में आज विधानसभा चुनाव के लिए तीसरे चरण का मतदान हुआ है। इस दौरान कानपुर के किदवईनगर में कथित तौर पर फर्जी मतदान की बात सामने आई है। यहां आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी का ही फर्जी वोट डाल दिया गया। इसको लेकर आम आदमी पार्टी ने प्रशासन के सामने अपना विरोध जताया है। पार्टी सांसद संजय सिंह ने भी इसको लेकर ट्वीट किया है।

राज्यसभा सांसद और आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश में प्रभारी संजय सिंह ने ट्विटर पर एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा है- कानपुर की किदवई नगर विधान सभा सीट से आप प्रत्याशी विवेक द्विवेदी का वोट उनके पहुँचने से पहले किसी ने डाल दिया। जब पहचान पत्र पर फ़ोटो है तो किसी दूसरे ने वोट कैसे डाल दिया? जब शिकायत की गई तो देखिए पुलिस ने किस तरह से घेराबंदी कर ली। संजय सिंह ने चुनाव आयोग को भी अपने ट्वीट में टैग किया है।
आज 16 जिलों में पड़ रहे वोट
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले चरण का चुनाव 10 और दूसरे चरण में 14 फरवरी को वोट पड़े थे। आज यानी 20 फरवरी को तीसरे चरण का मतदान हो रहा है। इस चरण में 16 जिलों की 59 विधानसभा सीटों पर वोटिंग हुई है। आज कानपुर नगर और कानपुर देहात के अलावा हाथरस, फिरोजाबाद, एटा, कासगंज, मैनपुरी, फर्रुखाबाद, कन्नौज, इटावा, औरैया, जालौन, झांसी, ललितपुर, हमीरपुर और महोबा जिले की विधानसभा सीटों पर वोटिंग हुई है। अभी राज्य में चार चरण का चुनाव बाकी है। इसके बाद नतीजों का ऐलान 10 मार्च को होगा। उत्तर प्रदेश के साथ-साथ उत्तराखंड, मणिपुर, गोवा और पंजाब में भी चुनाव हो रहे हैं। इन राज्यों के नतीजे भी 10 मार्च को ही आने हैं। उत्तराखंड, गोवा और पंजाब में चुनाव खत्म हो चुके हैं। अब सिर्फ मणिपुर और उत्तर प्रदेश के चुनाव बचे हैं।












Click it and Unblock the Notifications