UP Politics: चुनाव के वक्त ही अखिलेश यादव को क्यों याद आते हैं आजम खान? मुलाकात के बाद क्या बोले सपा अध्यक्ष?
UP Politics: सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव शुक्रवार को सीतापुर जेल में बंद समाजवादी पार्टी नेता आजम खान से मिलने पहुंचे। आजम खान से मुलाकात के बाद अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर जमकर हमला बोला।
मीडिया से बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आजम खान पर अत्याचार कर रही है। सिर्फ आजम खान को ही नहीं बल्कि उनके परिवार को भी परेशान किया जा रहा है। ये पूरी तरह से अमानवीय है।

उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने झूठे मुकदमे दर्ज करने का रिकार्ड कायम कर लिया है। हालांकि अंत में जीत सच्चाई की होती है। इसके अलावा उन्होंने इलेक्टोरल बांड पर कहा की बांड से भाजपा की सच्चाई सामने आ गई है।
क्यों आती है आजम की याद?
दरअसल, आजम खान उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बड़े मुस्लिम नेता के रुप में माने जाते हैं। ऐसे में सपा प्रमुख अखिलेश यादव उन्हें नाराज नहीं देखना चाहते। आजम के नाराज होने पर मुस्लिम वोटों का बिखराव हो सकता है।
यही कारण है कि चुनाव से पहले अखिलेश यादव को आजम खान की याद आती है। वहीं रामपुर लोकसभा सीट पर किसी भी उम्मीदवार काे उतारने से पहले आजम खान की राय अखिलेश यादव जरुर लेते हैं। ऐसा पिछले चुनावों में भी देखा गया है।
जल्द ही प्रत्याशी के नाम का होगा ऐलान
शुक्रवार को सीतापुर जेल में आजम खान से अखिलेश यादव की मुलाकात के बाद यह संभावना जताई जा रही है कि रामपुर सीट पर प्रत्याशी के नाम को लेकर भी चर्चा हुई है। अब सपा द्वारा रामपुर लोकसभा सीट पर जल्द ही प्रत्याशी के नाम का ऐलान किया जाएगा।
आपको यह भी बता दें कि रामपुर लोकसभा में पहले चरण में ही चुनाव होना है। रामपुर में नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है और आखिरी तारीख 27 मार्च है। ऐसे में 27 तारीख से पहले उम्मीदवार का नामांकन करना होगा।












Click it and Unblock the Notifications