UP Politics: घोसी सीट से सपा सांसद राजीव राय को धमकी भरा फोन आने से हड़कंप, सपा नेताओं ने कहा दी जाए सुरक्षा
UP politics: उत्तर प्रदेश के घोसी लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव राय को फोन पर जान से मारने की धमकी दी गई है। राजीव राय का दावा है कि इसके पहले भी फोन पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई थी। इस मामले में उन्होंने पुलिस से शिकायत की थी।
अब उनका दावा है कि शनिवार को एक बार फिर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई है। सांसद राजीव राय का कहना है कि उन्होंने इस मामले में पुलिस को सब कुछ बता दिया है और मुकदमा भी दर्ज कर दिया है। उन्होंने मांग किया कि उनकी सिक्योरिटी वापस दी जाए।

शनिवार को लखनऊ में उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश से समाजवादी पार्टी की सरकार जाने के बाद से ही उनकी सिक्योरिटी वापस ले ली गई है। अब लगातार फोन पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी जा रही है ऐसे में सिक्योरिटी बहाल की जानी चाहिए।
मामले को लेकर शनिवार को लखनऊ में समाजवादी पार्टी के कार्यालय पर प्रेस कॉन्फ्रेंस किया गया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में सांसद राजीव राय द्वारा बताया गया कि 23 सितंबर को इस बारे में उन्होंने फिर दर्ज कराया था। उन्होंने दावा किया कि मेरा कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है।
कहा कि मेरे खिलाफ केवल एक फर्जी मुकदमा दर्ज है। यूपी में समाजवादी पार्टी की सरकार जाने के बाद मेरे सिक्योरिटी को वापस ले ली गई। सिक्योरिटी के लिए मेरे द्वारा केंद्रीय गृह मंत्री को पत्र भी लिखा गया है लेकिन अभी तक सिक्योरिटी वापस नहीं मिली है।
समाजवादी पार्टी के विधायक रविदास मेहरोत्रा और अन्य नेताओं द्वारा भी सांसद राजीव राय की सिक्योरिटी बहाल करने की मांग की गई है। वहीं सपा सांसद को जान से मारने की धमकी मिलने के मामले को लेकर समाजवादी पार्टी के नेताओं द्वारा भी सुरक्षा बढ़ाने की मांग की जा रही है।
इधर सपा सांसद राजीव राय द्वारा पुलिस से की गई शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि इस मामले में सर्विलांस की मदद ली जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करते हुए घटना का खुलासा किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications