UP Politics: मौलाना की टिप्पणी पर अखिलेश की चुप्पी से सियासी घमासान, लखनऊ में लगे विरोधी पोस्टर
UP Politics: डिंपल यादव को लेकर की गई विवादित टिप्पणी पर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। मौलाना साजिद रशीदी की ओर से समाजवादी पार्टी सांसद डिंपल यादव के पहनावे पर की गई टिप्पणी के बाद जहां बीजेपी ने मोर्चा खोल दिया है, वहीं सपा प्रमुख अखिलेश यादव की चुप्पी को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।
बीजेपी एमएलसी और प्रदेश महामंत्री सुभाष यदुवंश ने राजधानी लखनऊ के कई प्रमुख चौराहों पर पोस्टर लगवाकर अखिलेश यादव को सीधे-सीधे निशाने पर लिया है। इन पोस्टरों में सवाल उठाया गया है कि जो व्यक्ति अपनी पत्नी के अपमान पर भी चुप रहता है, वह प्रदेश की बहन-बेटियों की सुरक्षा कैसे करेगा?

मौलाना की टिप्पणी पर विरोध, सपा पर बढ़ा दबाव
विवाद की शुरुआत हाल ही में एक टीवी चैनल पर हुई डिबेट के दौरान हुई। मौलाना साजिद रशीदी ने डिंपल यादव के दिल्ली स्थित एक मस्जिद में जाने और उनके पहनावे को लेकर अभद्र टिप्पणी की। यह बयान सोशल मीडिया पर वायरल होते ही विपक्षी दलों ने तीखी प्रतिक्रिया दी।
बीजेपी और अन्य संगठनों ने इस टिप्पणी को महिला गरिमा का अपमान बताया। बीजेपी नेताओं ने इसे सिर्फ डिंपल यादव पर नहीं बल्कि पूरे महिला समाज पर हमला करार दिया। इसके बाद से अखिलेश यादव की प्रतिक्रिया न आने पर सत्तापक्ष के लोग हमलावर हो गए हैं।
मंत्री बेबी रानी मौर्य ने जताई नाराजगी
राज्य सरकार की कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य ने इस मामले में सख्त प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यह टिप्पणी न केवल एक महिला सांसद की गरिमा पर हमला है, बल्कि एक भारतीय महिला की अस्मिता को चोट पहुंचाने वाली है। उन्होंने यह भी पूछा कि अखिलेश यादव जैसे नेता इस मसले पर चुप क्यों हैं?
मंत्री मौर्य ने कहा कि महिलाओं के सम्मान के मुद्दे पर सपा नेतृत्व की चुप्पी दुखद और चिंताजनक है। उन्होंने मांग की कि समाजवादी पार्टी को इस विषय पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। इसके अलावा ऐसे बयान देने वाले लोगों पर भी उन्होंने कार्रवाई की मांग की है।
पोस्टर के जरिए हो रहा है हमला
इधर, बीजेपी एमएलसी सुभाष यदुवंश ने लखनऊ के हजरतगंज, आलमबाग, चारबाग, गोमती नगर समेत कई इलाकों में पोस्टर लगवाए हैं। इन पोस्टरों में अखिलेश यादव की तस्वीर के साथ लिखा गया है, 'पत्नी के अपमान पर चुप रहने वाले प्रदेश की बेटियों की रक्षा कैसे करेंगे?' पोस्टरों को लेकर सियासी गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications