UP Police Bharti: लखनऊ में गृह मंत्री अमित शाह और योगी आज 60 हजार सिपाहियों को देंगे नियुक्ति पत्र
UP Police Bharti 2025: लखनऊ में रविवार को एक ऐतिहासिक क्षण गवाह बनने जा रहा है। उत्तर प्रदेश पुलिस की अब तक की सबसे बड़ी सिपाही भर्ती के चयनित अभ्यर्थियों को आज नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। इसके लिए डिफेंस एक्सपो मैदान पूरी तरह तैयार है।
मुख्य कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद रहेंगे। दोनों नेता मंच से 50 अभ्यर्थियों को स्वयं नियुक्ति पत्र देंगे, जबकि शेष अभ्यर्थियों को पत्र अन्य माध्यमों से सौंपे जाएंगे।

इस आयोजन में कुल 60,244 अभ्यर्थियों को आमंत्रित किया गया है। भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था के स्तर पर कोई ढिलाई नहीं बरती है। कार्यक्रम स्थल और उसके आसपास सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं।
महिला अभ्यर्थियों की भी बड़ी भागीदारी
उत्तर प्रदेश पुलिस की इस भर्ती प्रक्रिया में रिकॉर्ड 48.17 लाख आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 15.49 लाख आवेदन महिलाओं के थे। ऐसे में बड़ी संख्या में इस बार महिला अभ्यर्थियों को भी यूपी पुलिस में शामिल होने का मौका मिला है।
परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी रखने के लिए लिखित परीक्षा पांच दिन में 10 पालियों में कराई गई। ओएमआर शीट की स्कैनिंग सीसीटीवी निगरानी में हुई और रिकॉर्ड समय में परिणाम भी घोषित कर दिया गया। यह भी एक बड़ी उपलब्धि है।
चयन के बाद अब हाईटेक ट्रेनिंग की तैयारी
इस परीक्षा में कुल 1.74 लाख अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए सफल घोषित किया गया था। उसके बाद इसमें से 48,196 पुरुष और 12,048 महिलाएं फाइनल चयन सूची में शामिल की गईं।
चयन के बाद अब 16 जून से सभी अभ्यर्थियों की हाईटेक ट्रेनिंग शुरू की जाएगी। ट्रेनिंग व्यवस्था में इस बार खास बदलाव किए गए हैं, जिसमें रहने-खाने से लेकर आधुनिक किट्स तक की सुविधा शामिल है।
लखनऊ मेट्रो स्टेशन पर भीड़ नियंत्रण की खास व्यवस्था
इस समारोह में भाग लेने आने वाले अभ्यर्थियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मेट्रो स्टेशनों पर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। गाइडेंस साइनेज, अतिरिक्त स्टाफ और हेल्प डेस्क तैनात किए गए हैं।
चारबाग समेत प्रमुख मेट्रो स्टेशनों पर टिकट काउंटर्स की संख्या भी बढ़ाई गई है। यूपीआई और नकद भुगतान के लिए अलग-अलग काउंटर लगाए गए हैं, ताकि भीड़ में कोई अव्यवस्था न फैले।
बाहरी जिलों से आने वाले अभ्यर्थियों के लिए बस सेवाएं चलाई गई हैं। इन बसों की निगरानी के लिए पुलिस लाइन में क्षेत्रीय परिवहन विभाग ने 24x7 कंट्रोल रूम स्थापित किया है।
किसी भी बस के रास्ते में खराब होने या तकनीकी समस्या आने पर कंट्रोल रूम तत्काल मदद उपलब्ध कराएगा। यह केंद्र 16 जून की रात तक लगातार काम करता रहेगा।












Click it and Unblock the Notifications