वाहन चेकिंग के दौरान यूपी पुलिस ने की चालक के साथ मारपीट और अवैध वसूली
कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले की डीआईजी महोदया द्वारा जहां एक तरफ पुलिस विभाग की धूमिल छवि को सुधारने का भरसक प्रयास किया जा रहा है, वहीं पुलिस के अधिकारी और सिपाही छवि को धूमिल करने में कोई कमी नहीं छोड़ रहे हैं। ये लोग अपने आला अधिकारियों के आदेशों की धज्जियां तो उड़ा ही रहे हैं साथ ही बेगुनाह जनता के साथ हाथापाई तक करने में भी नहीं चूक रहे हैं।

कानपुर के थाना छावनी के अंतर्गत छावनी परिषद गेट पर पुलिस द्वारा वाहन चेकिंग के नाम पर वाहन चालकों का उत्पीड़न किया जा रहा है साथ ही हाथापाई भी की जा रही है। यह मामला कानपुर के कैंट परिषद के गेट के पास चल रही वाहन चेकिंग के दौरान एक कैमरे पर कैद हो गया जहां पर सिपाहियों ने एक बाइक सवार को रोककर उससे कागज मांगे। जब बाइक सवार कहने लगा कि मेरा चालान हो चुका है और अब मैं घर जा रहा हूं इस नाम पर पुलिस बिफर गई और इतना ही नहीं पुलिस का यह सिपाही वाहन चालक से हाथापाई तक उतर आया। लेकिन यहां बात सिर्फ हाथापाई तक ही सीमित नहीं रही, बल्कि सिपाही द्वारा वाहन चालक का गिरेबान पकड़कर घसीटते हुए ले जाने का भी सारा मामला इस कैमरे में कैद हो गया। जहां एक तरफ वाहन स्वामी यह बात चिल्ला-चिल्लाकर कह रहा था कि मेरे वाहन का चालान हो चुका है और चालान का कागज इन्ही पुलिस कर्मियों के पास है, बावजूद इसके पुलिस उसका दोबारा चालान काटने पर उतारू थी पुलिस का यह दूसरा चेहरा जहां एक तरफ डीआईजी महोदया के आदेशों की धज्जियां उड़ाते हुआ नजर आ रहा है वही समाज में पुलिस की धूमिल छवि का कारण भी बयां कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications