UP News: वृंदावन में श्रद्धालुओं से भरी बस में लगी आग, एक की मौत, महाकुंभ स्नान के लिए निकले थे श्रद्धालु
UP News: उत्तर प्रदेश के वृंदावन में मंगलवार शाम श्रद्धालुओं से भरी बस में आग लग गई। बस में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि बस तेलंगाना से श्रद्धालुओं को लेकर प्रयागराज महाकुंभ स्नान के लिए निकली थी।
बस जब वृंदावन पर्यटक सुविधा केंद्र पहुंची तो बस में आग लग गई। अनुमान लगाया जा रहा है कि बस में बैठे कुछ श्रद्धालु बीड़ी पी रहे थे और इसी वजह से आग लगी। हालांकि अभी तक पूरी तरह से स्पष्ट नहीं हो पाया है। आग लगने के बाद स्थानीय पुलिस और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।

संयोग अच्छा था कि आग से पहले ही अधिकतर यात्री और ड्राइवर बस से उतर गए थे लेकिन तेलंगाना निवासी 70 वर्षीय ध्रुपति नामक श्रद्धालु उसी में रह गए। आग लगने के बाद वहां अफरा तफरी मच गई। पहले तो लोगों को लगा कि बुजुर्ग श्रद्धालु भी बाहर कहीं होंगे। लेकिन बाद में उनका शव बस से बरामद किया गया।
बस में 50 श्रद्धालु थे सवार
बताया जा रहा है कि बस में 50 श्रद्धालु सवार थे। सभी लोग मंगलवार को दोपहर में वृंदावन स्थित पर्यटक सुविधा केंद्र पर पहुंचे थे। इस दौरान श्रद्धालुओं ने अपनी बस को वहीं पर रुकवा दिया। बस रुकने के बाद अधिकतर यात्री बस से बाहर निकल गए थे।
बताया जा रहा है कि बस में बैठे रहने के दौरान श्रद्धालु उसमें बीड़ी सिगरेट पी रहे थे। बीड़ी-सिगरेट से निकली चिंगारी बस में लगी सीट के फोम में चली गई। यात्रियों के उतरने के कुछ देर बाद जब बस में से धुआं उठने लगा तो आग लगने की जानकारी हुई।
जब तक आग पर काबू पाया जाता तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था। इस दौरान पर्यटक सुविधा केंद्र पर भी अपरा तफरी मच गई। पर्यटक सूचना केंद्र पर रखे गए फायर उपकरण से आग बुझाने का प्रयास करने के साथ ही पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।
सूचना मिलने के बाद पुलिसकर्मी और फायर ब्रिगेड के जवान वहां पहुंचे और एक घंटे बाद आग पर काबू पाया गया। इस दौरान पहले तो यह लगा कि बस में कोई यात्री नहीं है लेकिन आग बुझाने के बाद उसमें से एक शव बरामद किया गया। उसके बाद मौत की पुष्टी हुई।












Click it and Unblock the Notifications