UP News: सीएम योगी ने की बड़ी कार्रवाई, इस जिले में पांच लेखपाल और दो कानूनगो निलंबित
UP News: उत्तर प्रदेश सरकार ने राजस्व विभाग में बड़ी कार्रवाई करते हुए बरेली-पीलीभीत-सीतापुर हाईवे के लिए भूमि अधिग्रहण मामले में लापरवाही बरतने पर सात राजस्व कर्मियों को निलंबित कर दिया है। इनमें पांच लेखपाल और दो कानूनगो शामिल हैं।
अगस्त 2024 में हाईवे निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण और मुआवजे का मूल्यांकन किया गया था। इस दौरान अमीन, लेखपाल और NHAI के प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से जांच की थी। लेकिन बाद में जब एनएच के नए अधिकारी ने कार्यभार संभाला तो लापरवाही का मामला सामने आया, जो शासन तक पहुंचा।

शासन से आदेश मिलने के बाद मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल ने मामले की जांच अपर आयुक्त प्रीति जायसवाल को सौंपी। अपर आयुक्त ने अमरिया और जहानाबाद क्षेत्र में जाकर जमीनी स्तर पर जांच की। जांच में पीलीभीत के छह लेखपालों की भूमिका संदिग्ध पाई गई।
बिंदुवार रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेजी गई, जिसमें परिसंपत्तियों के मूल्यांकन में गंभीर लापरवाही के आरोप सिद्ध हुए।जांच रिपोर्ट के आधार पर अमरिया एसडीएम मयंक गोस्वामी ने तहसील अमरिया के चार लेखपालों को निलंबित कर दिया।
इनके खिलाफ हुई कार्रवाई
इनमें विनय कुमार (क्योलारा), आलोक कुमार (हुसैननगर और सरदारनगर), मुकेश गंगवार (जगमाहन) और ज्ञानदीप गंगवार (कुर्री) शामिल हैं। सदर तहसील के एसडीएम महिपाल सिंह ने लेखपाल मुकेश कुमार मिश्र को निलंबित कर दिया।
इसके अलावा, तत्कालीन लेखपाल और वर्तमान कानूनगो तेजपाल गंगवार को डीएम संजय कुमार सिंह ने निलंबित कर जांच के आदेश दिए हैं। वहीं, पूरनपुर के कानूनगो दिनेश मिश्रा, जो पहले ही सेवानिवृत्त हो चुके हैं, उनके खिलाफ रिपोर्ट शासन को भेजी जा रही है।
लापरवाही से किया गया था सर्वे
जांच रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि परिसंपत्तियों के मुआवजे के मूल्यांकन में मानकों का पालन नहीं किया गया। अमीन और लेखपालों ने लापरवाही से सर्वे किया, जिससे मुआवजा प्रक्रिया में गड़बड़ी हुई। जांच के बाद दोषी लेखपालों और कानूनगो पर कार्रवाई का आदेश दिया गया।
जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह ने कहा कि बरेली-पीलीभीत-सितारगंज हाईवे पर जमीन अधिग्रहण और मुआवजा प्रक्रिया में हुई गड़बड़ी की मंडलीय कार्यालय से जांच कराई गई थी। जांच में दोषी पाए गए चार लेखपालों और एक कानूनगो को निलंबित कर दिया गया है। अन्य दोषियों पर भी कार्रवाई जारी है।












Click it and Unblock the Notifications