UP News: खटाखट-खटाखट रुपए गायब, मजदूरों-किसानों के खातों से निकले रुपए, जल शक्ति मंत्री ने दिए जांच के आदेश
UP News: उत्तर प्रदेश के बांदा जनपद से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। बांदा जनपद में एक बैंक को लेकर ग्रामीणों में काफी नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि उनके बैंक खाते से अचानक रुपए गायब हो गए हैं।
ग्रामीणों द्वारा आरोप लगाया गया कि बैंक कर्मियों द्वारा घपले बाजी की गई है। ग्रामीणों को धोखे में रखकर उनके खाते से रुपए निकाल लिए गए हैं। ग्रामीणों ने कहा कि उनकी मेहनत की कमाई और सरकार द्वारा मिलने वाले किसान सम्मान निधि व पेंशन का पैसा निकाल लिया गया है।

यह आरोप किसी एक ग्रामीण ने नहीं लगाया है बल्कि यह आरोप गांव में रहने वाले करीब 250 से 300 मजदूरों और किसानों ने बैंक पर लगाया है। इस मामले में ग्रामीणों ने बैंक के सामने धरना भी दिया था। लेकिन मामला नहीं सुलझा।
बाद में ग्रामीणों द्वारा इस मामले की शिकायत जल शक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद से की गई। जल शक्ति मंत्री द्वारा मामले को संज्ञान में लेते हुए तत्काल जिलाधिकारी और एसपी समेत बैंक के बड़े अफसरों को जांच के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं इस मामले में जिस बैंक के ऊपर आरोप लग रहा है उसे बैंक के मैनेजर रामराज मीणा द्वारा मीडिया को बताया गया कि ग्रामीणों द्वारा लगाया गया आरोप झूठा है। यह भी कहा गया कि जिन लोगों द्वारा रुपए निकाले जाने की बात कही गई थी उनके स्टेटमेंट उन्हें दे दिए गए हैं।
यह पूरा मामला बांदा जनपद के पैलानी तहसील अंतर्गत जसपुरा ब्लॉक के गडरिया गांव का है। गांव के रहने वाले अजय, गरीब, सुमित्रा, राधा सहित अन्य लोगों का आरोप है कि उनके खाते में जमा रुपए अचानक गायब हो गए हैं।
लोगों ने बताया कि कई लोगों के खाते से रुपए ट्रांसफर हुए हैं जबकि कुछ लोगों के खाते से रुपए निकाल लिए गए हैं। लोगों ने यह भी बताया कि खाते का स्टेटमेंट देखने पर पता चलता है कि उनके खाते से सर्विस चार्ज के नाम पर किसी के खाते से 70 तो किसी की खाते से 80 रुपए की कटौती भी की गई है।
फिलहाल इतने संख्या में मजदूरों और ग्रामीणों के खाते से रुपए निकल जाने का मामला जानकारी में आने के बाद अफसर भी हैरान हैं। अब अधिकारियों द्वारा जांच पड़ताल किए जाने के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ पाएगी।












Click it and Unblock the Notifications