योगी की मंत्री स्वाति सिंह की ऑडियो वायरल, पति दयाशंकर सिंह पर लगाया मारपीट का आरोप
लखनऊ, 24 जनवरी: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान योगी सरकार की मंत्री स्वाति सिंह इन दिनों काफी चर्चाओं में हैं। पहले जहां स्वाति सिंह की सीट पर उनके पति दयाशंकर सिंह बीजेपी से टिकट की मांग कर रहे थे। वहीं अब सोशल मीडिया पर स्वाति सिंह की एक कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग वायरल हो रही हैं, जिसमें वो अपने पति पर संगीन आरोप लगा रहीं हैं।

यूपी में चुनावी माहौल के बीच स्वाति सिंह एक बार फिर चर्चाओं में हैं। इस बार का कारण सोशल मीडिया पर वायरल हो रही उनकी एक ऑडियो रिकॉर्डिंग है। इस वायरल ऑडियो में स्वाति सिंह कथित तौर पर एक शख्स से बात कर रही हैं, जिसमें शिकायत करते हुए सुना जा रहा है कि उनके पति दयाशंकर सिंह ने उसके साथ बदसलूकी की है और जमीन हड़पने का भी कुछ मामला है।
यहीं नहीं ऑडियो रिकॉर्डिंग के दौरान बातचीत में स्वाति कथित तौर पर पति पर उनके साथ बुरा व्यवहार करने और मारपीट करने का भी आरोप लगा रहीं हैं। वह कहती हैं कि उसका पति उनके साथ मारपीट करता है। हालांकि वायरल ऑडियो पर स्वाति सिंह का अभी कोई भी ऑफिशियल बयान सामने नहीं आया है।
आपको बता दें कि योगी सरकार में स्वाति सिंह महिला और बाल विकास मंत्री हैं। उन्होंने पिछले विधानसभा चुनाव 2017 में सरोजिनी सीट से उम्मीदवार बनाया था, जहां से जीत दर्ज की थी। दया शंकर सिंह भी इस सीट पर दावेदारी कर रहे हैं। उन्होंने पार्टी से टिकट की पैरवी की है।
गौरतलब है कि स्वाति सिंह 2016 में तब सुर्खियों में आई थीं, जब उनके पति ने बसपा चीफ मायावती के खिलाफ कुछ आपत्तिजनक बयान दिया था। इसके बाद बसपा नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कार्यकर्ताओं के साथ लखनऊ में भारी विरोध प्रदर्शन किया, जहां उन्होंने स्वाति सिंह और उनकी बेटी के खिलाफ बयान दिया था।
इसके बाद स्वाति ने मायावती समेत बीएसपी नेताओं के खिलाफ हजरतगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। हालांकि दयाशंकर सिंह को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया और स्वाति को महिला विंग का चीफ बनाया गया।बाद में सरोजिनी नगर सीट से उन्होंने चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की। वहीं दयाशंकर सिंह का निष्कासन भी पार्टी ने वापस ले लिया, वो अब पार्टी की राज्य इकाई के उपाध्यक्ष हैं।












Click it and Unblock the Notifications