Uttar Pradesh: योगी सरकार ने बदला इस विभाग का नाम, जानिए वजह
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग का नाम परिवर्तित कर दिया है। व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने नाम परिवर्तित होने पर खुशी जाहिर की है।
जानकारी के मुताबिक, व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग में नया शब्द उद्यमशीलता जुड़ गया है। अब इस विभाग को व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमशीलता विभाग के नाम से जाना जाएगा।
राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि उद्यमिता एक नए व्यवसाय को डिजाइन करने, लॉन्च करने और चलाने की प्रक्रिया है, जो अक्सर शुरू में एक छोटा व्यवसाय होता है। इन व्यवसायों को बनाने वाले लोगों को उद्यमी कहा जाता है। इन्ही उद्यमियों से समाज में क्रांति आती है और विकास की गति तेज हो जाती है। विभाग में नया शब्द जुड़ने पर काफी प्रसन्न हूं।

योगी आदित्यनाथ के उत्तर प्रदेश की सत्ता संभालने के बाद से ही नामों में परिवर्तन किया जा रहा है। विभाग के नाम परिवर्तन से पहले योगी सरकार में कई जगहों के नाम बदल चुके हैं। अभी कुछ समय पहले ही गोरखपुर के मुंडेरा बाजार का नाम बदलकर चौरी चौरा व देवरिया के तेलिया अफगान का नाम बदलकर तेलिया शुक्ल कर दिया गया था। इसके साथ ही कई बड़े शहरों में भी नाम परिवर्तित किए गये हैं।












Click it and Unblock the Notifications