UP Ghoshi By Poll: 50 फ़ीसदी मतदान ने क्यों बढ़ाई दोनों दलों की बेचैनी, जानिए क्या हैं दावे
उत्तर प्रदेश की घोसी सीट पर उपचुनाव के तहत मतदान हो गया है। आठ सितंबर को मतगणना होगी। लेकिन समाजवादी पार्टी और बीजेपी दोनों ही पार्टिंयां अपनी अपनी जीत के दावे कर रही हैं।
Ghosi By Election: उत्तर प्रदेश में मऊ जिले की घोसी विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के तहत मतदान मंगलवार को शांतिपूर्वक सम्पन्न हो गया। घोसी विधानसभा क्षेत्र में 50% (50.30%) से अधिक मतदाताओं ने मंगलवार को उपचुनाव के लिए वोट डाला है। देश में INDIA गठबंधन करने के बाद पहली बार यह चुनाव हुआ है। इसलिए मतदान के बाद अब नतीजे पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं।

दरअसल, जुलाई में समाजवादी पार्टी से 2022 यूपी विधानसभा चुनाव में सीट जीतने वाले दारा सिंह चौहान के इस्तीफे के बाद उपचुनाव जरूरी हो गया था। सपा छोड़कर बीजेपी में आए दारा सिंह चौहान को ही बीजेपी ने मैदान में उतार दिया। उपचुनाव में सपा ने सुधाकर सिंह को मैदान में उतारा था।
2022 में हुआ था 58.59 प्रतिशत मतदान
पिछले चुनाव पर गौर करें तो 2022 के यूपी विधानसभा चुनाव में चौहान ने बीजेपी उम्मीदवार विजय कुमार राजभर को 22,216 वोटों के अंतर से हराया था। घोसी में 58.59 प्रतिशत मतदान हुआ था। चुनाव के दौरान समाजवादी पार्टी ने उपचुनाव में आधिकारिक मशीनरी के दुरुपयोग का आरोप लगाया और इस मामले पर चुनाव आयोग को पत्र लिखा। आरोप लगाया गया कि कुछ स्थानों पर मुस्लिम मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करने से रोका जा रहा है।
सपा के प्रवक्ता राजीव राय कहते हैं कि,
मतदान के दौरान जिस तरह से सरकारी मशीनरी का इस्तेमाल किया गया हे वह सबके सामने है। लोगों को वोट डालने से रोका गया। पुलिस ने लोगों को गालियां देकर भगा दिया। इन सबके बाद भी घोसी की जनता ने एक बार फिर सपा को अपना आशीर्वाद दिया है और जीत सपा की ही होगी।
चुनाव में दिखा INDIA बनाम NDA
उपचुनाव में दारा सिंह चौहान को एनडीए सहयोगियों अपना दल (सोनेलाल), निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल (निषाद) पार्टी और पूर्व सपा सहयोगी सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी का समर्थन मिल रहा है जबकि दूसरी ओर सपा उम्मीदवार सुधाकर सिंह को इंडिया ब्लॉक के घटक दलों कांग्रेस, सीपीआई (एम), सीपीआई, आरएलडी, आप, सीपीआई (एमएल)-लिबरेशन और सुहेलदेव स्वाभिमान पार्टी से समर्थन मिला है।
बीजेपी सरकार पर नहीं पड़ेगा हार जीत का असर
हालांकि उपचुनाव का भाजपा सरकार पर कोई असर नहीं पड़ेगा जिसे 403 सदस्यीय राज्य विधानसभा में अच्छा बहुमत प्राप्त है। हालाँकि, इसका परिणाम 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए भविष्य का संकेतक हो सकता है। उत्तर प्रदेश 543 सदस्यीय लोकसभा में 80 सांसद भेजता है। कुल 10 उम्मीदवार मैदान में हैं। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने उपचुनाव में कोई उम्मीदवार नहीं उतारा है. वोटों की गिनती 8 सितंबर को होगी।
बीजेपी के प्रवक्ता अवनीश त्यागी कहते हैं,
घोसी में बीजेपी को शानदार जीत हासिल होगी। पीएम मोदी और सीएम योगी के कामकाज और नीतियों की बदौलत जनता सरकार के साथ है। घोसी की जनता का समर्थन बीजेपी को मिलेगा। विपक्ष के पास न तो नेता है और न ही कोई नीति है।












Click it and Unblock the Notifications