सीएम योगी से मिले मीट व्यापारी, हड़ताल खत्म होने पर अभी फैसला नहीं
बैठक के बाद मांस व्यापारी सिराजुद्दीन कुरैशी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि सीएम के साथ बैठक सुखद रही और उन्होंने मामले पर ध्यान देने की बात कही है।
नई दिल्ली। यूपी सरकार की कार्रवाई के विरोध में बीते एक हफ्ते से हड़ताल कर रहे मांस व्यापारी आज शाम उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिले और अपनी समस्याओं के बारे में उन्हें बताया। बैठक के बाद मांस व्यापारी सिराजुद्दीन कुरैशी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि सीएम के साथ बैठक सुखद रही और उन्होंने मामले पर ध्यान देने की बात कही है।

सिराजुद्दीन कुरैशी ने सीएम से बैठक के बाद कहा कि हमने कोई अवैध बूचड़खानों को चलाने के लिए नहीं कहा बल्कि सीएम को बताया कि बहुत से स्लॉटर हाउस और दुकानें बहुत छोटी-छोटी कमियों की वजह से बंद हैं और इससे काफी नुकसान हो रहा है। सिराजुद्दीन ने कहा कि सीएम ने हमारी बात सुनने के बाद कहा कि किसी का मजहब या नाम देखकर कार्रवाई नहीं होगी और जो सही है उसे रोका नहीं जाएगा। कुरैशी ने बताया कि किसी भी वैध स्लॉटर हाउस को परेशान ना करने का आश्वासन सीएम ने दिया है। उन्होंने हड़ताल पर गए व्यापारियों से भी काम पर लौटकर, जरूरी कागज पूरे करवा कर काम करने को कहा है। सिराजुद्दीन ने कहा कि हड़ताल खत्म करने पर अभी फैसला नहीं हुआ है।
उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही है मांस की दुकानों और बूचड़खानों पर कार्रवाई
आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार आने के बाद पुलिस की सख्ती के बाद मांस की दुकाने तकरीबन बंद हैं। भैंस के मांस की दुकानों को तो प्रशासन से बंद करा ही दिया है, मटन और चिकन की दुकानें भी प्रदेश भर में बंद हैं। सरकार की ओर से कहा गया है कि ये दुकाने बिना लाइसेंस के चल रही थीं। इसके विरोध को लेकर शनिवार से सूबे की राजधानी लखनऊ में व्यापारियों के कई संगठनों ने हड़ताल का ऐलान किया है। मामले को लेकर मांस व्यापारियों ने हाईकोर्ट में भी याचिका दायर की हुई है।












Click it and Unblock the Notifications