UP Bypolls 2024: बीएसपी ने उपचुनाव में प्रत्याशियों के नामों का किया ऐलान, इस सीट पर अभी भी असमंजस बरकरार
UP Bypolls 2024 BSP candidates: उत्तर प्रदेश में 9 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने हैं। चुनाव आयोग की ओर से घोषणा के बाद सभी राजनीतिक दलों ने अपने-अपने स्तर पर प्रचार-प्रसार शुरू कर दिया है। नामांकन की तिथि में एक दिन शेष है।
ऐसे में गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी और बहुजन समाज पार्टी ने अपने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी। सुबह में भारतीय जनता पार्टी ने 9 में से 7 सीटों पर प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की तो शाम को बसपा ने 9 में से 8 सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा कर दी।

बहुजन समाज पार्टी द्वारा अंबेडकर नगर की कटेहरी विधानसभा सीट से अमित वर्मा को टिकट दिया गया है। इसी तरह प्रयागराज जनपद के फूलपुर विधानसभा सीट से जितेंद्र कुमार सिंह को प्रत्याशी बनाया गया है।
ऐसे ही मुजफ्फरनगर जनपद के मीरापुर विधानसभा से शाहनगर, कानपुर नगर की सीसामऊ विधानसभा से वीरेंद्र कुमार शुक्ला, मैनपुरी के करहल विधानसभा से डॉ अवनीश कुमार शाक्य, मुरादाबाद के कुंदरकी सीट से रफतउल्लाह उर्फ नेता छिद्दा, गाजियाबाद विधानसभा सीट से परमानंद गर्ग और मिर्जापुर की मझवा विधानसभा सीट से दीपक तिवारी को टिकट दिया गया है।
करहल में होगी कांटे की टक्कर
बहुजन समाज पार्टी द्वारा करहल विधानसभा सीट से डॉ अवनीश कुमार शाक्य को चुनाव मैदान में उतारा गया है। इधर समाजवादी पार्टी द्वारा इस विधानसभा सीट पर पहले ही तेज प्रताप यादव को टिकट दिया जा चुका है। सैफई परिवार के तेज प्रताप यादव बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव के दामाद हैं।
इसी तरह गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी भी करहल विधानसभा के लिए प्रत्याशी के नाम का ऐलान कर दी। भारतीय जनता पार्टी द्वारा इस विधानसभा सीट में अनुजेश यादव को टिकट दिया गया है। ऐसे में इस सीट पर बसपा द्वारा शाक्य कैंडिडेट उतार देने के बाद लड़ाई दिलचस्प हो गई है।
राजनीतिक जानकारों का कहना है कि समाजवादी पार्टी का गढ़ माने जाने वाले करहल विधानसभा सीट पर इस बार चुनाव काफी दिलचस्प देखने को मिलेगा। समाजवादी पार्टी, भारतीय जनता पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशियों के बीच कांटे की टक्कर होगी।












Click it and Unblock the Notifications