UP Budget 2026: यूपी का अब तक का सबसे बड़ा बजट! कुछ घंटे पहले वित्त मंत्री ने बताया किस बात पर रहेगा जोर
UP Budget 2026: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार आज विधानसभा में अपने दूसरे कार्यकाल का सबसे भव्य और ऐतिहासिक बजट पेश करने जा रही है। बजट की पोटली खुलने से पहले वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना के तेवर और आत्मविश्वास ने साफ कर दिया कि यह बजट केवल आंकड़ों की बाजीगरी नहीं, बल्कि 2027 के महासंग्राम से पहले विकास का 'महासंकल्प' है।
विधानसभा के पटल पर बजट रखने से पहले मंत्री ने स्पष्ट किया कि यूपी अब पिछड़ा नहीं, बल्कि दुनिया के निवेशकों की पहली पसंद बन चुका है। आइए जानतें हैं मंत्री ने क्या कहा और यूपी के इस सबसे बड़े बजट में किस वर्ग को क्या मिलने वाला है।

बजट पेश करने से पहले मीडिया से बातचीत के दौरान वित्त मंत्री सुरेश खन्ना अपने चिर-परिचित शायराना अंदाज में नजर आए। उन्होंने विरोधियों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि विपक्ष दिशाहीन हो चुका है और सरकार की उपलब्धियों से घबराया हुआ है। उन्होंने विश्वास जताया कि जिस तरह दावोस के आर्थिक मंच पर दुनिया के 60 राष्ट्राध्यक्षों के बीच उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था और निवेश के माहौल की चर्चा हुई, वह इस बात का सबूत है कि 'ब्रैंड यूपी' अब ग्लोबल हो चुका है।
युवाओं और महिलाओं के लिए क्या है?
वित्त मंत्री ने संकेत दिए कि इस बार का बजट 'आधी आबादी' और 'देश के भविष्य' यानी युवाओं को समर्पित होगा। सरकार का मुख्य फोकस शिक्षा को डिजिटल तकनीक से जोड़ने और स्टार्टअप्स के लिए नया फंड आवंटित करने पर है। महिलाओं के लिए सुरक्षा के साथ-साथ आर्थिक आत्मनिर्भरता और स्वरोजगार के नए अवसर इस बजट की रीढ़ होंगे।
प्राथमिकताओं के केंद्र में कौन होगा?
योगी सरकार ने इस बजट में किसानों और श्रमिक वर्ग के लिए विशेष प्रावधान किए हैं। वित्त मंत्री ने बताया कि कृषि तकनीक, उन्नत बीज और सिंचाई परियोजनाओं के विस्तार के लिए भारी निवेश किया जाएगा। साथ ही, मजदूर वर्ग की सामाजिक सुरक्षा और उनकी न्यूनतम मजदूरी में सुधार को लेकर भी सरकार बड़े ऐलान कर सकती है, ताकि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके।
2027 के चुनाव से पहले 'मास्टरस्ट्रोक' बजट
यह बजट मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दूसरे कार्यकाल का आखिरी पूर्णकालिक बजट है। विशेषज्ञों का मानना है कि बुनियादी ढांचे (Infrastructure) के विकास के साथ-साथ सरकार कई लोकलुभावन योजनाओं की घोषणा कर सकती है। इस बजट के जरिए सरकार का लक्ष्य न केवल विकास की गति को बढ़ाना है, बल्कि आम आदमी के विश्वास को और अधिक मजबूत करना भी है।












Click it and Unblock the Notifications