UP Budget 2024: प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए 2441 करोड़ रुपए, 34 लाख 14 हजार आवास हो चुके हैं पूरे
UP Budget 2024: उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से सोमवार को बजट पेश किया गया। बजट में वित्त वर्ष 2024-25 में प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए करीब 2441 करोड़ रुपये का प्रावधान प्रस्तावित है. इससे यूपी के आर्थिक रुप से कमजोर वर्ग के लोगों को आवास मिलेगा।
वित्त मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत साल 2016 में केवल 1.40 लाख आवास स्वीकृत किये गये थे, जबकि अब तक हमारी सरकार द्वारा 36 लाख 15 हजार आवास स्वीकृत किये गये हैं, जिनमें से 34 लाख 14 हजार आवास पूरे हो चुके हैं और बचे हुए आवासों के निर्माण का कार्य भी तेजी से चल रहा है।

उन्होंने कहा कि जिलों की स्थानीय आवश्यकताओं की तात्कालिकता को ध्यान में रखते हुए, विभिन्न विकास कार्यों की महत्वपूर्ण कमियों को पाटने के लिए क्रिटिकल गैप्स योजना के तहत 95 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित है। इसके अलावा राज्य के लिए त्वरित आर्थिक विकास योजना के लिए 2400 करोड़ रुपये का प्रावधान प्रस्तावित किया गया है।
बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के लिए 3668 करोड़ रुपये का प्रावधान प्रस्तावित है। इसके अलावा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के लिए करीब 3695 करोड़ रुपये और राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के लिए करीब 5060 करोड़ रुपये का प्रावधान प्रस्तावित है। इसी तरह विधानमंडल क्षेत्र विकास योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2024-2025 में विकास कार्यों के लिए 2520 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
उन्होंने कहा कि बजट में बहुउद्देशीय पंचायत भवनों के निर्माण के लिए लगभग 57 करोड़ रुपये, उत्तर प्रदेश मातृ भूमि योजना के लिए 33 करोड़ रुपये और ग्रामीण स्टेडियम और 'ओपन जिम' के निर्माण के लिए 25 करोड़ रुपये का प्रावधान प्रस्तावित है। बजट में पंचायती राज विभाग में एसबीएम (ग्रामीण) के लिए 4867 करोड़ 39 लाख रुपये का प्रावधान प्रस्तावित है, जो चालू वर्ष की तुलना में दोगुने से भी अधिक है।












Click it and Unblock the Notifications