UP Budget 2024: धर्म और पर्यटन को बढ़ावा, काशी, अयोध्या, प्रयागराज, मथुरा समेत इन जिलों पर खास फोकस
UP Budget 2024: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने सोमवार को अपना आठवां बजट पेश कर दिया। बजट में नई योजनाओं के साथ ही इंफ्रास्ट्रक्चर को लेकर भी खास फोकस रहा। इस बजट में धार्मिक और पर्यटन को भी ध्यान में रखा गया है।
जारी बजट में वाराणसी, मिर्जापुर, अयोध्या, प्रयागराज, आजमगढ़, मथुरा सहित कई अन्य जनपदों में भी सरकार द्वारा काफी कुछ करने का ऐलान किया गया है। खास तौर पर धार्मिक स्थलों पर लोगों के सुगम यातायात को भी ध्यान में रखा गया है।

वित्त मंत्री द्वारा बताया गया कि वाराणसी में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर से गंगा नदी तक के मार्ग के विस्तारीकरण सौंदर्यीकरण के पश्चात श्रद्धालुओं की संख्या में चार से पांच गुना बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि अयोध्या जनपद में श्री राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण कार्य को ध्यान में रखते हुए पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं की संख्या में भी संभावित वृद्धि के दृष्टिगत तीन संपर्क मार्गों के चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण का कार्य कराया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि अयोध्या में पर्यटकों और श्रद्धालुओं के आगमन को ध्यान में रखते हुए 6 स्थान पर पार्किंग का कार्य किया जा रहा है तथा जन सुविधाओं का विकास कार्य भी कराया जा रहा है। इसके अलावा महाकुंभ 2025 के अंतर्गत विभिन्न कार्यों के लिए 100 करोड रुपए की बजट व्यवस्था प्रस्तावित है।
इसी तरह आजमगढ़ के हरिहरपुर में संगीत महाविद्यालय की स्थापना के लिए 11.79 करोड रुपए तथा महर्षि वाल्मीकि सांस्कृतिक केंद्र चित्रकूट की स्थापना के लिए 10.53 करोड रुपए की व्यवस्था प्रस्तावित है। इसके अलावा श्रृंगवेरपुर स्थित निषाद राज गुहा सांस्कृतिक केंद्र की स्थापना हेतु 14.68 करोड रुपए प्रस्तावित है।
वित्त मंत्री ने अपने संबोधन में बताया कि मिर्जापुर के विंध्याचल धाम स्थित त्रिकोणीय क्षेत्र में मां विंध्यवासिनी मंदिर और मां अष्टभुजा मंदिर के अलावा मां कालीखोह मंदिर भी है। इन तीनों मंदिर को जोड़ने वाले त्रिकोण संरेखण में आने वाले परिक्रमा मार्गो के उन्नयन हेतु कार्यवाही प्रक्रियाधीन है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 में जनवरी से अक्टूबर तक 37 करोड़ 90 लाख से अधिक पर्यटकों का आवागमन हुआ। जिम 37 करोड़ 77 लाख घरेलू पर्यटक और विदेशी पर्यटकों की संख्या भी शामिल है। उन्होंने कहा कि पर्यटकों के आवागमन को ध्यान में रखते हुए अयोध्या, वाराणसी, चित्रकूट, विंध्याचल, प्रयागराज, लखनऊ, नैमिषारण्य, मथुरा, बटेश्वर धाम, गोरखपुर, गढ़मुक्तेश्वर, मां शाकुंभरी देवी, शुकतीर्थ धाम और सारनाथ के साथ ही अन्य धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर विकास एवं सौंदर्यीकरण के कार्य कराए जा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications