UP Board Exam 2026: नकल माफियाओं की शामत! अब पुलिस-मजिस्ट्रेट की रजामंदी के बिना नहीं खुलेंगे पेपर के बक्से
UP Board Exam 2026: यूपी बोर्ड की हाईस्कूल (10th) और इंटरमीडिएट (12th) परीक्षाओं को नकलविहीन बनाने के लिए शासन ने अभूतपूर्व सुरक्षा घेरा तैयार किया है। इस बार प्रश्नपत्रों की सुरक्षा न केवल सीसीटीवी के भरोसे होगी, बल्कि पुलिस विभाग की सीधी निगरानी में होगी।
शासन की ओर से जारी नए निर्देशों के मुताबिक, हर परीक्षा केंद्र पर भेजे जाने वाले अतिरिक्त प्रश्नपत्रों के सेट की चाबी अब संबंधित थानाध्यक्ष (SO) के पास सुरक्षित रहेगी।

डबल लॉक और चार अलमारियों का 'कवच'
मुख्य सचिव के निर्देशों के अनुपालन में अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा और यूपी बोर्ड सचिव भगवती सिंह ने प्रदेश के सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों (DIOS) को सख्त आदेश भेजे हैं।
- स्ट्रांग रूम की व्यवस्था: प्रदेश के सभी 8033 परीक्षा केंद्रों पर डबल लॉक युक्त चार अलमारियों की व्यवस्था अनिवार्य की गई है।
- पुलिस सुरक्षा में वितरण: मुख्यालय से केंद्रों तक प्रश्नपत्रों का वितरण जिलाधिकारी द्वारा नामित अधिकारी की मौजूदगी में पुलिस बल के साथ किया जाएगा।
किसके पास होगी कौन सी चाबी? (नया सुरक्षा प्रोटोकॉल)
भ्रम से बचने के लिए बोर्ड ने चाबियों के वितरण को चार श्रेणियों में बांटा है:
- 1. पहली तीन अलमारियां: इनकी पहली चाबी बाह्य केंद्र व्यवस्थापक और दूसरे लॉक की चाबी केंद्र व्यवस्थापक के पास होगी।
- 2. स्टैटिक मजिस्ट्रेट की भूमिका: बाह्य केंद्र व्यवस्थापक के पास वाली दूसरी चाबी स्टैटिक मजिस्ट्रेट के पास सुरक्षित रहेगी।
- 3. चौथी अलमारी (सबसे खास): इस चौथी डबल लॉक अलमारी में अतिरिक्त प्रश्नपत्र रखे जाएंगे। इसके पहले लॉक की चाबियां स्टैटिक मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापक के पास होंगी, जबकि दूसरे लॉक की चाबी संबंधित थानाध्यक्ष या उनके द्वारा नामित सब-इंस्पेक्टर की अभिरक्षा में रहेगी।
ऑनलाइन निगरानी और सीसीटीवी का पहरा
अलमारियों को खोलने या बंद करने का कार्य केवल केंद्र व्यवस्थापक, बाह्य केंद्र व्यवस्थापक और स्टैटिक मजिस्ट्रेट की त्रिपक्षीय मौजूदगी में ही संभव होगा। इसके अलावा, राज्य और जनपद स्तर पर स्थापित कंट्रोल रूम से हर स्ट्रांग रूम की 24 घंटे ऑनलाइन सीसीटीवी मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications