UP Board 12th Topper 2025: 'पहले बीटेक फिर IAS की तैयारी', जानिए सेकेंड टॉपर रही अनुष्का सिंह ने क्या कहा?
UP Board 12th Topper 2025: यूपी बोर्ड ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है। इस बार 12वीं में लड़कियों ने अपना परचम लहराते हुए पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर कब्जा जमाया है। प्रयागराज की महक जायसवाल ने प्रदेश में टॉप किया है।
महक बच्चा राम यादव इंटर कॉलेज, भुलाई का पूरा (प्रयागराज) की छात्रा हैं जिन्होंने 97.20% अंकों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया है।

वहीं दूसरे स्थान पर कौशाम्बी की अनुष्का सिंह हैं जिनको 96.8 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए हैं। अनुष्का अपने जिले में प्रथम स्थान पर हैं। उनकी इस शानदार सफलता ने न सिर्फ उनके परिवार को गौरवान्वित किया है, बल्कि पूरे क्षेत्र के छात्रों के लिए भी एक प्रेरणा बन गई हैं।
UP Board 12th Topper 2025: JEE की तैयारी कर रही अनुष्का
न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत करते हुए अनुष्का ने अपनी सफलता का श्रेय अनुशासित दिनचर्या और नियमित अध्ययन को दिया। उन्होंने बताया, "मैं रोजाना 6 से 7 घंटे तक पढ़ाई करती थी। पढ़ाई के दौरान जो भी संदेह या कठिनाइयाँ आती थीं, उन्हें मैं तुरंत अपने शिक्षकों से समझने की कोशिश करती थी। इससे मुझे हर विषय की गहराई से समझ मिली और आत्मविश्वास भी बढ़ा।"
अनुष्का भविष्य में सिविल सेवा परीक्षा देकर एक आईएएस अधिकारी बनना चाहती हैं। उन्होंने कहा, "मेरा सपना है कि मैं देश की सेवा करूं और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में योगदान दूं।" फिलहाल अनुष्का जेईई (JEE) की तैयारी कर रही हैं और आगे चलकर बीटेक (B.Tech) करना चाहती हैं। उनका मानना है कि तकनीकी शिक्षा उन्हें एक मजबूत शैक्षणिक आधार देगी, जो सिविल सेवा की तैयारी में भी सहायक सिद्ध होगी।
UP Board 12th Topper 2025: तीसरे स्थान पर हैं मोहिनी
वहीं 12वीं में प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त करने वाली इटावा की छात्रा मोहिनी ने बातचीत करते हुए कहा," मैं अपने शिक्षकों और माता-पिता को इस कामयाबी का श्रेय देना चाहूंगी जिन्होंने मेरा बहुत सहयोग दिया है।
मोहिनी के पिता किसान हैं लेकिन उनको अपने माता-पिता का पूरा स्पोर्ट मिला। ANI से कहा कि मैं भविष्य में UPSC का एग्जाम पास करके IAS अफसर बनकर देश की सेवा करना चाहती हूं। सोशल मीडिया के इस्तेमाल पर मोहिनी कहती हैं कि सोशल मीडिया प्लेटफार्म काफी सुविधाजनक है अगर इसे सही तरीके से इस्तेमाल किया जाए। छात्रों को पता होना चाहिए कि इसका कैसे यूज करें जिससे उन्हें फायदा मिल सके।
परीक्षा में फेल होने वाले छात्रों के सवाल पर मोहिनी कहती हैं कि मैं अन्य छात्रों से कहना चाहूंगी कि अगर उनके नंबर कम आए हैं तो वे निराश न हो। वे मेहनत और लगन से अपना काम करते रहें।












Click it and Unblock the Notifications