बाबरी मस्जिद फैसले से नाराज था आतंकी 'सद्दाम', अपनी सेना तैयार कर भारत को इस्लामिक राष्ट्र बनाना चाहता था
UP ATS ने NIA के इनपुट पर रविवार को दो आतंकियों को अरेस्ट किया है। एक को आतंवादी गोंडा से, तो दूसरा जम्मू-कश्मीर से अरेस्ट किया गया है। बताया जा रहा है कि दोनों सोशल मीडिया के जरिए देश विरोधी गतिविधियों में शामिल थे। दोनों आतंकियों के हिजबुल मुजाहिद्दीन, अलकायदा और ISI जैसे आतंकी संगठनों से कनेक्शन हैं।
शरिया कानून लागू कर भारत को इस्लामिक राष्ट्र बनाने का मंसूबा
ATS चीफ ने बताया कि पकडे गए दोनों आतंकी देश विरोधी गतिविधियों में लिप्त थे। एटीएस का दावा है कि पूछताछ में दोनों ने कुबूल किया कि वह आतंकी अलकायदा, अंसार गजवातुल और हिजबुल आदि जैसे संगठनों से प्रभावित हैं। दोनों आतंकी शरिया कानून लागू कर भारत को इस्लामिक राष्ट्र बनाने का मंसूबा रखते हैं। इसके लिए दोनों सोशल मीडिया पर अपनी मुहिम को चला रहे हैं। अब एटीएस दोनों से गहनता से पूछताछ करने की कोशिश कर रही है।

एक को गोंडा से तो दूसरे को जम्मू से उठाया
प्राप्त जानकारी के अनुसार एक आतंकी सद्दाम शेख गोंडा के पठानपुरवा का रहने वाला है और बेंगलुरु की NDC नाम की एक कंपनी में काम करता था। इसके अलावा डॉबसपेट कंपनी में ड्राइवर का काम भी करता था। वहीं दूसरा आतंकी रिजवान खान जम्मू-कश्मीर के मिडिल स्कूल लैंड मार्क का रहने वाला है और हिजबुल मुजाहिद्दीन और गजवातुल हिंद से जुड़ा हुआ है। ATS की पूछताछ में यह बात सामने आई है कि रिजवान खान जम्मू-कश्मीर में बैठकर सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर आतंकी गतिविधि को अंजाम देने की फ़िराक में था।
आतंकी संगठनों के समर्थन में उग्र पोस्ट
दरअसल, यूपी एटीएस को सूचना मिली कि गोंडा के पठानपुरवा का रहने वाला सद्दाम शेख (38) बंगलुरू में किसी एनटीसी नाम की कंपनी में चालक है। वह आतंकी संगठनों से जुड़ा है और देश विरोधी मंसूबे बनाकर कोई बड़ी घटना करने के चक्कर में है। मॉनीटरिंग से यह भी सामने आया कि सद्दाम सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव है और वह आतंकी संगठनों के समर्थन में उग्र पोस्ट करता रहता है।
बुरहान वानी और रियाज नायकू को मानता है अपना आदर्श
इस पर रविवार को यूपी एटीएस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। एटीएस का दावा है कि प्रारंभिक पूछताछ में उसने अपने अपराध कुबूल किए हैं। स्वीकार किया कि वह अल कायदा, अंसारगजवातुल हिंद और हिजबुल के आतंकी बुरहान वानी से बहुत प्रभावित है। लादेन, जाकिर मूसा, रियाज नायकू, नावेद नट, समीर टाइगर जैसे आतंकी उसके आदर्श हैं। उसके फोन में इनसे संबंधित फोटो और वीडियो भी बरामद हुए।
सोशल मीडिया पर आतंकी प्रोपेगेंडा
वहीं कश्मीर निवासी दूसरा आतंकी रिजवान खान के बारे में भी यूपी एटीएस को सूचना मिली कि वह यूपी में रहकर आतंकी संगठनों से जुड़कर देश विरोधी गतिविधियों को अंजाम देने में लगा हुआ है। वह सोशल मीडिया पर आतंकी प्रोपेगेंडा फैला रहा है। आतंकियों की फोटो लगाकर अन्य लोगों को भी अपने साथ जोड़ने का काम कर रहा है। कुछ समय पहले तक वह उन्नाव की मीट फैक्टरी इंडार्गो फूड प्राइवेट लिमिटेड में सुरक्षा गार्ड का काम कर रहा था।
मुजाहिद बनना चाहता था आतंकी रिजवान
इस समय वह बिहार में मरहबा फ्रोजेन फूड प्राइवेट लि. में सुरक्षा गार्ड का काम कर रहा है। रिजवान को भी एटीएस मुख्यालय बुलाकर पूछताछ की। एटीएस का दावा है कि उसने भी सोशल मीडिया पर उग्र पोस्ट करने की बात स्वीकार की है। उसे आतंकी और बंदूकें बहुत प्रभावित करती हैं और वह मुजाहिद बनना चाहता है। उसकी पोस्टों में एके-47, कारतूस, आतंकियों के हथियार के साथ प्रशिक्षण करते फोटो, भारत विरोधी गाने मिले हैं।
बाबरी मस्जिद का बदला लेना चाहता था सद्दाम
एटीएस की मानें तो सद्दाम ने यह स्वीकार किया कि वह बाबरी मस्जिद के फैसले से नाराज था और इसका बदला लेना चाहता था। इसलिए ऐसे कंटेंट भी सोशल मीडिया पोस्ट करता था कि कोई उससे संपर्क कर हथियारों का प्रशिक्षण दे सके। जिन मुसलमानों पर अत्याचार हुआ है वह उन्हें साथ लेकर अपनी एक सेना बनाना चाहता था। सद्दाम की डीपी में आईएसआईएस, अलबद्र, लश्कर ए तैयबा आदि संगठनों के फोटो मिले। वह आईएमओ एप के माध्यम से पाकिस्तानी, कश्मीरी आतंकियों के संपर्क में था। उसकी फेसबुक आईडी इसी तरह के क्रियाकलापों के कारण कई बार ब्लॉक की गई थी।
जेहाद की राह पर अपनी कुर्बानी का था इंतजार
एटीएस का दावा है कि रिजवान भी जाकिर मूसा , बुरहान वानी जैसा बनना चाहता था। वह कसम खाकर जाकिर मूसा की तंजीम में शामिल हुआ और उसने स्वीकार किया कि वह जेहाद की राह पर फिदा होने के लिए अपनी बारी का इंतजार कर रहा था। पुलिस ने दोनों से ही उनका मोबाइल बरामद किया है। इसके अलावा सद्दाम से ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड, एटीएम कार्ड, दो पासबुक, रेल टिकट तथा 47305 रुपये बरामद किए हैं।
पत्नी ने कहा: 'दी जाए सजा'
वहीं गोंडा जिले के देहात कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत पठान पुरवा में सद्दाम शेख के तीन बच्चे और पत्नी रूबीना रहती हैं। शनिवार की रात को सादी वर्दी में कुछ पुलिस वाले यहां भी पूछताछ करने पहुंचे थे तो सद्दाम की पत्नी रूबीना ने बताया कि सद्दाम 9 महीने से घर नहीं आया है। उन्होंने कहा कि 'हमें नहीं पता कि वो क्या कुछ ऐसा करते थे, जिसकी वजह से पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।' साथ ही उन्होंने कहा कि अगर वह देश विरोधी गतिविधियों में शामिल है तो उन्हें जरूर सजा दी जाए।












Click it and Unblock the Notifications