जज ने लगाए ऐसे आरोप, महिला इंस्पेक्टर और कॉन्स्टेबल गिरफ्तार
बरेली। यूपी के बरेली में खाकी एक बार फिर दागदार हुई है। इस बार एक महिला जज ने इंस्पेक्टर और सिपाही पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला जज का आरोप है कि महिला इंस्पेक्टर और महिला सिपाही ने उनके आवास पर उनके और उनके मां-बाप के साथ मारपीट की। इतना ही नहीं जज कुसुमलता राठौर का ये भी आरोप है कि उनके पिता के दत्तक पुत्र कुशाग्र जिसकी उम्र 5 साल है, का भी अपहरण कर लिया।

महिला इंस्पेक्टर बेहोश
महिला कॉन्स्टेबल लता है और पुलिस इंस्पेक्टर अनुपमा सिंह को शहर कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दरअसल महिला जज कुसुमलता राठौर बरेली में सीजेएम के पद पर तैनात है और जजेज कॉलोनी में वो अपने माँ-बाप के साथ रहती है। जज कुसुमलता ने जो पुलिस को तहरीर दी है उसमें बताया है कि इंस्पेक्टर अनुपमा सिंह और कॉन्स्टेबल लता उनके घर आये और फिर माता-पिता और नौकरानी के साथ मारपीट की।

जज के आवास से दोनों गिरफ्तार
इतना ही नहीं, जज कुसुमलता ने तो ये आरोप भी लगाया है कि उनके पिता का दत्तक पुत्र का भी दोनों ने अपहरण कर लिया था। कुसुमलता ने मौका पाकर कोतवाली पुलिस को फोन कर दिया। पुलिस ने उनके आवास से इंस्पेक्टर और सिपाही को गिरफ्तार कर लिया। वहीं मेडिकल के लिए जिला अस्पताल ले जाते समय इंस्पेक्टर अनुपमा सिंह बेहोश हो गई जिसके बाद उन्हें जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया है।

20 साल के बने संबंध कैसे बिगड़े?
गौरतलब है कि अनुपमा सिंह का जज कुसुमलता के यहां पिछले 20 सालों से आना जाना था और वो उनसे मिलने आई थी। फिलहाल पुलिस कस्टडी में मीडिया से बात करते हुए कॉन्स्टेबल लता ने बताया कि जज कुसुमलता ने अनुपमा सिंह और उसे पिटवाया और फिर गिरफ्तार करा दिया। फिलहाल सच क्या है इसका पता तो पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा। आखिर 20 सालो के संबंध में ऐसा क्या हुआ जो पल भर में दुश्मनी में बदल गए?












Click it and Unblock the Notifications