बिजनौर: लुकाछिपी खेल में संदूक में जा छुपे बच्चे, कुंडी खोली तो दोनों की मिली लाश
बिजनौर। उत्तर प्रदेश के बिजनौर में लुकाछिपी खेलते समय दो बच्चे संदूक में जा छुपे। इस दौरान संदूक की कुंडी बंद हो गई और वह बाहर नहीं निकल पाए। दम घुटने से दोनों मासूम बच्चे बेहोश हो गए। जैसे ही परिजनों ने संदूक की कुंडी खोली तो पैरों तले जमीन खिसक गई। परिजन उन्हें लेकर बिजनौर के एक निजी अस्पताल में पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। दोनों की मौत होने के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

घटना बिजनौर के हल्दौर थाना क्षेत्र के गांव पिलाना की है। रामवीर त्यागी का पुत्र अथर्व (साढ़े छह वर्ष) गांव के प्राइमरी स्कूल में कक्षा दो का छात्र था। जबकि गांव के ही महेंद्र प्रजापति का पुत्र (साढ़े तीन वर्ष) मानव प्रजापति गांव के गायत्री विद्या मंदिर पब्लिक स्कूल में नर्सरी का छात्र था। गुरुवार को स्कूलों की छुट्टी होने के बाद अपने-अपने घर पहुंचे। कुछ देर खेलने को कहकर घर से निकले थे। दोनों गांव के कुछ बच्चों के साथ लुकाछिपी का खेल खेल रहे थे और खेलते-खेलते एक व्यक्ति के घेर में रखे पुराने संदूक के छिपकर बैठ गए। दोनों बच्चों के घर नहीं पहुंचने पर परिजन चिंतित हो गए।

परिजनों ने दोनों की तलाश की पर उनका कोई पता नहीं चला। परिजनों की घेर में रखे पुराने संदूक पर नजर गई, संदूक खोलकर देखा तो दोनों बच्चे बेहोश पड़े थे। रामवीर त्यागी अपने पुत्र को लेकर बिजनौर पहुंचा और एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। महेंद्र सिंह अपने पुत्र मानव को उपचार के लिए चांदपुर ले गए। मानव को गंभीर हालात में बिजनौर भेज दिया गया। दोनों मासूम बच्चों की बिजनौर के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। दोनों बच्चों की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications