यूपी: दो सगे भाइयों को गोली मारी, बदमाशों को घेरकर भीड़ ने मारा
ग्रामीणों ने बदमाशों को घेरकर पीटना शुरू कर दिया लेकिन तभी वहां पुलिस पहुंच गई तब तक एक बदमाश की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि दूसरा बुरी तरह से घायल हो गया जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
गाजीपुर। यूपी में कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए गाजीपुर जिले में दो अलग अलग जगह पर बेख़ौफ़ बदमाशों ने दो सगे भाइयों को गोली मार दी। पहले भाई अरविंद यादव को कोतवाली क्षेत्र में गोली मारी और फिर हौसला बुलंद बदमाश जमानियां थाना के देवरिया गांव पहुंचकर दूसरे को भी गोली मार दी। ग्रामीणों ने बदमाशों को घेरकर पीटना शुरू कर दिया लेकिन तभी वहां पुलिस पहुंच गई तब तक एक बदमाश की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि दूसरा बुरी तरह से घायल हो गया जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल दोनों भाइयों को अलग-अलग थानों की पुलिस अस्पताल लायी जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया गया। घटना के बारे में पुलिस पुरानी रंजिश बता रही है और मुख्य आरोपी की तलाश में जगह-जगह छापेमारी कर रही है।

भीड़ ने बदमाशों को लाठियों से पीटा
पुराने विवाद में एक बार फिर शाम को खूनी खेल खेला गया। देवरिया गांव के दो सगे भाइयों पर सुनियोजित ढंग से हमला हुआ जिसमें ग्रामीणों ने एक हमलावर को मौके पर ही पीट-पीट कर मार डाला जबकि उसका साथी जख्मी हो गया। पुरानी रंजिश में यह घटना हुई है। अरविंद यादव (50) करीब चार बजे घर से पान खाने के लिए गांव की चट्टी पर पहुंचे। वहां पहले से मौजूद बाइक सवार दो युवकों ने उन पर गोली दागी। गोली अरविंद की पीठ में लगी। हमलावर दूसरी गोली मारने की वह तैयारी में ही थे कि आसपास मौजूद लोग उन्हें दौड़ा लिया। उनमें एक को मौके पर ही दबोच लिया गया। फिर ग्रामीण उस पर पिल पड़े। लाठी-डंडे का प्रहार कर उसका काम वहीं तमाम कर दिया। दूसरा हमलावर भागा लेकिन ताजपुर गांव के पास घेराबंदी कर उसे भी पकड़ा गया। ग्रामीणों ने उसकी पिटाई शुरू ही की थी कि पुलिस पहुंच गई। उसे आनन-फानन में कोतवाली भेज दिया गया।

वाराणसी अस्पताल रेफर
अरविंद यादव को जिला अस्पताल भेजा गया। उसके पूर्व करीब चार बजे अरविंद यादव के छोटे भाई नन्हकू यादव (40) को जिला मुख्यालय स्थित अकलपुरा (रौजा) पर गोली मारी गई। वह दूध बेचने आए थे। बाइक सवार दो बदमाश पहुंचे और ताबड़तोड़ उन पर तीन गोलियां दागे। एक गोली गर्दन को खरोंचते निकल गई जबकि दो गोलियां पेट तथा कमर में लगीं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल से वाराणसी भेज दिया गया।

प्रधानी चुनाव का है विवाद
एक साथ एक ही दिन दो सगे भाइयों पर हमले से पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी है। पुलिस और सूत्रों का मानना है कि गाज़ीपुर जिला मुख्यालय से लगभग 25 किलोमीटर दूर जमानिया कोतवाली के देवरिया गांव में अरविंद यादव पर दिनदहाड़े हमला करने वाले बदमाशों ने ही गाज़ीपुर कोतवाली क्षेत्र में नन्हकू को भी निशाना बनाया। गौरतलब है कि बीते दस अगस्त को गांव के पूर्व प्रधान प्रतिनिधि संतोष राय उर्फ बबलू राय ने इन दोनों भाइयों पर खुद अपने ऊपर गोली चलाने का आरोप लगाया था। उसमें उन्होंने अरविंद यादव तथा उनके भाई समेत गांव के मौजूदा प्रधान प्रतिनिधि कमलेश राय के खिलाफ नामजद एफआईआर कराई थी लेकिन पुलिस विवेचना में बबलू राय पर गोली चलने की पुष्टि नहीं हुई। उसके पहले वर्ष 2005 में बबलू राय अरविंद यादव पर गोली चलाने के मामले में अभियुक्त है। वह घटना प्रधानी चुनाव के दौरान वर्ष 2005 में हुई थी।

इस घटना की सूचना पर सभी अधिकारी पहुंचे मौके पर
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस के आलाधिकारी जिला अस्पताल समेत मौके पर पहुंचे। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। हमलावरों की पहचान हो गई है। मृत हमलावर अनुभव राय नगसर थाने के नगसर गांव का रहने वाला है जबकि उसका घायल साथी शंकर राय पुत्र रामजी राय गहमर थाने के बसूका गांव का बताया जा रहा है फिलहार एसपी ग्रामीण ने पूरे घटनाक्रम के बारे में बताया कि बदमाशों ने अलग अलग थाना क्षेत्रों में दो भाइयों पर गोली चलाई जिसमे अरविंद यादव और नन्हकू यादव घायल हो गए हैं जिन्हें वाराणसी रेफर किया गया है। जबकि देवरिया गांव में हमलावर को भीड़ ने मार दिया है और एक गिरफ्तार हो गया है जिससे पूछताछ की जा रही है जिससे दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।












Click it and Unblock the Notifications