अलीगढ़: बदमाशों ने कर रखा था पुलिस की नाक में दम, मुठभेड़ में दो गिरफ्तार
अलीगढ़। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में दो बदमाश घायल हो गए। पुलिस ने दोनों इनामी बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान मौके का फायदा उठाते हुए एक बदमाश फरार हो गया। पुलिस टीम ड्रोन कैमरे की मदद से भागने वाले बदमाश को तलानशने की कोशिश कर रही है। घायल बदमाशों को जिला अस्पताल में कराया भर्ती कराया गया है।

अलीगढ़ के सासनी गेट थाना क्षेत्र में एटू जेड के निकट मथुरा रोड पर कुछ दिन पूर्व अनिल, कपिल नाम के दोनों बदमाशों ने अपने साथी के साथ लूट के उद्देश्य से एक व्यक्ति को गोली मार दी थी। पुलिस ने दोनों बदमाशों पर 20-20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। एसएसपी ने बताया कि थाना दिल्ली गेट इलाके के गोंडा रोड पर माइक्रो फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों को लूटने की इन बदमाशों ने योजना बनाई थी। सर्विलांस के माध्यम से बदमाशों की लोकेशन दिल्ली गेट क्षेत्र में गोंडा रोड की तरफ मिली थी।

एसएसपी राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि दोनों बदमाशों ने पिछले काफी समय से पुलिस की नाक में दम कर रखा था। शनिवार को बदमाशों की लोकेशन मिलने के बाद पुलिस ने बाइक सवार तीन बदमाशों की घेराबंदी की तो बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। इस दौरान इनामी अनिल और कपिल को पैर में गोली लगी है। तीसरा बदमाश मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। एसएसपी ने बताया कि तीसरा बदमाश अभी ज्यादा दूर नहीं गया होगा। पुलिस टीमें ड्रोन व अन्य माध्यमों से फरार बदमाश की तलाश कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications