शक्तिपीठ देवीपाटन से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी गाड़ी पलटी, 3 की मौत
बलरामपुर। उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले के बौद्ध परिपथ मार्ग पर श्रद्धालुओं से भरी पिकअप खाई मे पलटने से 3 की मौत हो गयी जबकि 22 श्रद्धालु घायल हो गए। सभी श्रद्धालु शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे। घटना के बाद स्थानीय लोगों व पुलिस की मदद से घायलों को जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया जहां उनका उपचार जारी है।

घटना बुधवार रात की है। जिले के बौद्ध परिपथ मार्ग पर ग्राम बेल्हा के निकट शक्तिपीठ देवीपाटन से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। जिससे पिकअप में सवार दो की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि एक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। सभी श्रद्धालु कोतवाली उतरौला क्षेत्र के ग्राम पुरैना बाजिद के बताए जा रहे हैं।

घटना के फौरन बाद स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस को सूचना दी गई और मौके पर पहुंची पुलिस की मदद से घायलों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया उनका उपचार जारी है। घायलों में लालाराम (25), कलावती (55), अभय गुप्ता राम (56), गंगाराम (15) कृपाल (27) शिवांगी (3) विनायक (11) छाया (5) दुर्गा प्रसाद (11) नीलम, प्रदतार, श्याम देवी, प्रेमलता, नर्मता, करन, काजल, दुर्गा प्रसाद, जनकराम आदि लोग घायलों में शामिल हैं।

घटना की सूचना के बाद जिला चिकित्सालय में घायलों को हाल-चाल जानने पहुचे भाजपा विधायक बलरामपुर सदर पलटू राम ने बेहतर उपचार के लिए डॉक्टर को निर्देशित किया है। साथ ही मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए आर्थिक मदद दिलाने की बात भी कही है।
पूरे मामले पर थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि घटना सूचना के बाद ही घटना स्थल पर पहुंचकर घायलों को जिला चिकित्सालय पहुंचा दिया गया था जहां उनका उपचार जारी है। अब तक 3 लोगों की मौत हो चुकी है, आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications