सीसीटीवी में दिखे बाहुबली चोर, शटर उखाड़ कर अंदर घुसकर चोरी
मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर नगर में इन दिनों बढ़ रही चोरी की घटनाओं के बीच एक दुकान में चोरी का सीसीटीवी फुटेज पुलिस के हाथ लगा है जिससे चोर को पकड़ने में पुलिस को मदद मिलेगी। आपने दुकानों में सामान चुराते हुए चोरों को सीसीटीवी में कैद होते देखा होगा पर ये चोर रात के समय एक रेस्टोरेंट की शटर को नीचे से उखाड़ कर नीचे से अंदर घुसते हैं और चोरी को अंजाम देते हैं। इस रात नगर में सात स्थानों पर चोरियां हुईं।

रात को दो बजे रेस्टोरेंट में घुसे चोर
मिर्जापुर जिले के कटरा कोतवाली क्षेत्र के लालडिग्गी स्थित आचमन रेस्टोरेंट है। रेस्टोरेंट के सामने ही रेस्टोरेंट मालिक राजन गुप्ता का मकान है। राजन गुप्ता ने अपने मकान में सीसीटीवी कैमरा लगाया है जिसमें दुकान और उसके आस-पास नजर रहती है। रात के दो बजे रेस्टोरेंट के पास पहुंचे चोर पहले इधर-उधर देखते हैं। फिर मुंह पर नकाब बांधने के बाद शटर को फाड़ते है। इसके बाद एक चोर अंदर घुसता है और गल्ले से नकदी चुराता है। चोर बाहर निकलने के बाद जब जाते हैं तभी पुलिस की भी गाड़ी गुजरती है।
रात में सात स्थानों पर हुई चोरी
जिस रात चोरो ने रेस्टोरेंट में चोरी की है, उस रात नगर क्षेत्र के कटरा और शहर कोतवाली क्षेत्र के सात स्थानों पर चोरी हुई है। इसमें पानदरीबा में पाल की दुकान से शटर फाड़ कर 25 हजार नकदी और कचहरी परिसर में स्टांप विक्रेताओं की पांच गुमटी को तोड़कर हजारों रुपए चुराया है। एक स्टांप वेंडर की गुमटी में तो आग लगाकर जला भी दिया गया। कचहरी में 15 दिन पूर्व भी छह गुमटियों में चोरी हुई थी।












Click it and Unblock the Notifications