एक दिन स्कूल ना आने पर टीचर बना जल्लाद, छात्र को बेल्ट से पीटकर कर दिया लहूलुहान
सुलतानपुर। यूपी के सुलतानपुर शहर के एक स्कूल के छात्र को बुरी तरह पीटने का मामला सामने आया है। एक दिन स्कूल ना आने पर टीचर ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दी। टीचर ने दूसरे दिन बिना कारण जाने ही छात्र को बेल्ट से पीट-पीटकर लहूलुहान कर दिया। छात्र को इतना पीटा गया कि उसके पीठ पर गहरे निशान पड़ गए। घर जाकर पीड़ित छात्र ने टीचर की हैवानियत की सारी कहानी सुनाई जिसके बाद परिवार पुलिस थाने पहुंचा। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच पड़ताल कर सख्त कर्रवाई की जाएगी।

मामला सुलतानपुर जिले के सौरमऊ गांव का है जहां रमेश का बेटा कक्षा 9 का छात्र है। रमेश के बेटे का आरोप है कि एक दिन वो स्कूल में अनुपस्थित रहा। दूसरे दिन जब वो स्कूल पहुंचा तो टीचर ने बिना पूछताछ के उसकी बेरहमी से पिटाई की। हाथ से पीटकर जब टीचर का मन नहीं भरा तो उन्होंंने बेल्ट निकाल कर उससे धुनाई की।

पिटाई में छात्र की पीठ पर कई जगह जख्म आ गए। लहूलुहान छात्र घर पहुंचा और अपने परिजनों को आपबीती सुनाई, जिस पर मां सुमनलता बच्चे को लेकर नगर कोतवाली पहुंची और पुलिस को मामले से अवगत कराया। पुलिस ने बताया कि जांच पड़ताल की जा रही है, जांच के बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications