Suar Bypoll: BJP गठबंधन को मिला यूपी में पहला मुस्लिम विधायक, सपा की अनुराधा चौहान को 9 हजार वोटों से हराया
उत्तर प्रदेश की दो विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में BJP गठबंधन को बड़ी जीत मिली है। जिसके बाद यूपी में एनडीए को अपना पहला मुस्लिम विधायक मिल गया है।

आजम खान का आखिरी किला भी ध्वस्त हो गया। रामपुर के बाद अब आजम खान अपने बेटे अब्दुल्ला की सीट को भी नहीं बचा सकें। इसके लिए उनका हिंदू उम्मीदवार का दांव भी काम नहीं कर पाया और स्वार सीट से बीजेपी गठबंधन (एनडीए) को यूपी में पहला मुस्लिम विधायक मिल गया।
BJP गठबंधन का पहला मुस्लिम विधायक
बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए को यूपी में अपना पहला मुस्लिम विधायक मिल गया है। बीजेपी के सहयोगी अपना दल (एस) के शफीक अहमद अंसारी ने रामपुर की स्वार विधानसभा सीट के उपचुनाव में सपा की अनुराधा चौहान को 9734 वोटों से हराया।
आजम खान का किला ढहा
अपना दल के शफीक को कुल 67434 वोट मिले, जबकि सपा के अनुराधा चौहान को 57710 वोट हासिल हुए। बता दें कि फरवरी में एक आपराधिक मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद आजम के बेटे अब्दुल्ला आजम को विधायक के रूप में अयोग्य घोषित किया गया था, जिसके बाद स्वार विधानसभा सीट पर उपचुनाव हुए।
छानबे सीट भी जीती
इधर, अनुप्रिया पटेल की पार्टी अपना दल (एस) ने मिर्जापुर जिले में छानबे सीट को भी बरकरार रखा, जो इस फरवरी में विधायक राहुल कोल की मृत्यु के कारण खाली हुई थी। पार्टी ने राहुल कोल की पत्नी रिंकी कोल को अपना प्रत्याशी बनाया, जिन्होंने समाजवादी पार्टी की कीर्ति कोल को 9589 वोटों से हराया।
अपना दल प्रत्याशी रिंकी कोल को कुल 76176 वोट मिले, जबकि सपा उम्मीदवार को 66587 वोट ही हासिल हो पाए।
इन दोनों सीटों के जीतने के बाद अपना दल (एस) के विधायकों की 15 पर पहुंच गई और एनडीए की 276 हो गई, जबकि अखिलेश यादव की पार्टी सपा 110 से नीचे आ गई है।












Click it and Unblock the Notifications