राहुल गांधी को उनके गढ़ अमेठी में घेरने के लिए ऐसे तैयारी कर रही हैं स्मृति ईरानी
अमेठी। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को उनके संसदीय क्षेत्र में घेरने की कोशिश शुरू कर दी है। राहुल को उनके संसदीय क्षेत्र में चित करने की प्लानिंग कर ली है। अब उन्होंने अमेठी की महिलाओं के वोट बैंक में सेंधमारी करने के लिए उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की योजना शुरू की है। उन्होंने अमेठी में नीम प्रोजेक्ट के जरिए महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की कवायद शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि अमेठी में नीम के पेड़ों की संख्या अधिक है। इन पेड़ों में होने वाली निंबोली गांव की महिलाएं जमा करती हैं। केंद्रीय मंत्री ने इन्हीं निंबोलियों के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का बीड़ा उठाया है। इसके लिए भेटुआ ब्लाक के चौबेपुर पश्चिम निवासी विनोद सिंह को नीम से तैयार होने वाले प्रोजेक्ट की ट्रेनिंग दी गई है। वो इन निंबोलियों से नीम के तेल और नीम कोडेट यूरिया और सामान तैयार करते हैं। अब यहां की महिलाएं दिन भर निंबोली इकट्ठा करती हैं और फिर गांव-गांव जाकर विनोद सिंह महिलाओं से 8 रूपए प्रति किलो निंबोली ख़रीद कर उससे सामान तैयार कराते हैं। इस काम से जुड़ी महिलाएं बताती हैं कि सैंकडों महिलाएं निंबोली जमा कर केंद्र पर बेचकर परिवार चलाती हैं।