लखीमपुर खीरी की घटना में एक और गिरफ्तारी, SIT ने एसयूवी कार के ड्राइवर को किया अरेस्ट
लखीमपुर खीरी, अक्टूबर 13। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में हुई घटना में SIT की जांच बहुत तेजी से चल रही है। SIT ने 4 किसानों समेत 8 लोगों की हत्या के मामले में एक नई गिरफ्तारी की है। यूपी पुलिस के मुताबिक, पूरे मामले की जांच कर रही एसआईटी ने मंगलवार को उस एसयूवी कार के ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है, जो किसानों के काफिले को रौंदती हुई नजर आई थी। बता दें कि 3 अक्टूबर की घटना में एक थार जीप और एक SUV समेत तीन गाड़ियों ने किसानों के काफिले को रौंद दिया था। इनमें से एसयूवी कार के ड्राइवर शेखर भारती को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

अंकित दास के नाम पर है SUV कार
पुलिस की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक, घटना के वक्त शेखर भारती एसयूवी कार को चला रहा था। पुलिस ने बताया है कि वो एसयूवी कार अंकित दास के नाम पर है, जो आशीष मिश्र के बहुत करीबी हैं और पूर्व राज्यसभा सांसद अखिलेश दास के भतीजे हैं।
घटना में ये चौथी गिरफ्तारी
आपको बता दें कि लखीमपुर खीरी की घटना में ये चौथी गिरफ्तारी है। इससे पहले आशीष मिश्र टेनी, लवकुश पांडे और आशीष पांडे को गिरफ्तार किया जा चुका है। एक अधिकारी ने कहा है, "हम अभी तक घटना के पीछे के मकसद का पता नहीं लगा पाए हैं।" आपको बता दें कि इस मामले में सबसे पहले गिरफ्तारी आशीष मिश्र की हुई थी। रविवार को जांच में कथित रूप से सहयोग नहीं करने के आरोप में एसआईट ने आशीष मिश्र को गिरफ्तार किया था।
तीन दिन की पुलिस कस्टडी में हैं आशीष मिश्र
रविवार को केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय कुमार मिश्र के बेटे आशीष मिश्र क्राइम ब्रांच के समक्ष पेश हुए थे। कई घंटे की पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था। मंगलवार को आशीष को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां आशीष मिश्र को तीन दिन की पुलिस रिमांड में भेज दिया गया। आपको बता दें कि लखीमपुर की घटना में आशीष मिश्र मुख्य आरोपी हैं।












Click it and Unblock the Notifications