राम मंदिर में भक्तों के दर्शन को लेकर श्रीरामजन्मभूमि ट्रस्ट ने किया ये बड़ा ऐलान, जानिए
लखनऊ, 13 अगस्त: उत्तर प्रदेश के अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण का काम चल रहा है। पांच अगस्त को निर्माण कार्य के दो साल पूरे हुए थे। इस अवसर पर अयोध्या में भक्तों का जमावड़ा लगा था। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महासचिव चंपत राय ने यहां कहा कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण अगले साल दिसंबर तक पूरा हो जाएगा। उन्होंने रक्षा बंधन के मौके पर आयोजित एक समारोह में कहा कि लोग तब भव्य मंदिर में रामलला के दर्शन कर सकेंगे।

उन्होंने कहा, "चूंकि सुल्तानपुर अयोध्या के नजदीक है, इसलिए मैं यहां के लोगों को अगले साल दिसंबर में श्री राम लला के दर्शन करने का निमंत्रण दे रहा हूं।" उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य अच्छी गति से चल रहा है और मंदिर दिसंबर 2023 में भक्तों के 'दर्शन' के लिए तैयार हो जाएगा। राय ने दावा किया कि निर्माण कार्य में लोहे का उपयोग नहीं किया जा रहा है और मंदिर का डिजाइन ऐसा है कि लोग इसे देखकर चकित रह जाएंगे। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र एक ट्रस्ट है जिसे मंदिर निर्माण के लिए केंद्र द्वारा स्थापित किया गया है।
पांच अगस्त को मोदी ने किया भूमि पूजन
उत्तर प्रदेश के अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण कार्य पूरी तेजी के साथ चल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने पांच अगस्त 2020 को राम मंदिर (Ram Mandir) निर्माण का भूमि पूजन किया था। पांच अगस्त को निर्माण कार्य के दो साल पूरे हो गए हैं।
राम मंदिर का चालीस फीसदी काम ही पूरा
दो साल के भीतर राम मंदिर का निर्माण काफी तेजी से हुआ है। श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ ट्रस्ट का दावा है कि ये जनवरी 2024 तक बनकर तैयार हो जाएगा। निर्माण स्थल पर काम कर रहे इंजीनियरों की माने तो मंदिर निर्माण का 40 प्रतिशत काम पूरा हो गया है। मंदिर की पहली मंजिल 2024 की शुरुआत तक तैयार होने की उम्मीद थी।
लोकसभा चुनाव से पहले भक्तों को मिलेगी सौगात ?
राजनीतिक विश्लेषकों की माने तो 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव से कुछ महीने पहले गर्भगृह भक्तों के लिए खुल जाएगा। बीजेपी के सूत्रों की माने तो पूर तरह से रणनीति के तौर पर इसकी शुरुआत की जाएगी ताकि आम चुनाव में इसका राजनीतिक लाभ पार्टी को मिल सके।
अयोध्या में एक कार्यक्रम के दौरान सीएम ने कहा था कि मुख्यमंत्री ने कहा कि 500 वर्षों से जिसके लिए संघर्ष चल रहा था और वह संघर्ष अब निष्कर्ष की ओर बढ़ रहा है। किसी भी भारतीय के लिए इससे बड़ा गौरव का क्षण नहीं हो सकता। विदेशी आक्रमणकारियों ने हमारी संस्कृति पर हमला किया, लेकिन अंत में भारत की जीत हुई।












Click it and Unblock the Notifications