हमारा परिवार टूट गया था इसलिए हम चुनाव हारे, लोकसभा लड़ने को तैयार हूं: शिवपाल
मैनपुरी। अखिलेश यादव पर सरकारी मकान में तोड़ फोड़ के आरोप पर पूर्व कैबिनेट मंत्री और सपा के वरिष्ठ नेता शिवपाल यादव ने कहा कि भाजपा सरकार गलत आरोप लगा रही है। उन्होंने कहा कि घर खाली करते समय अपना सामना कौन नहीं लेकर जाता, लेकिन तोड़फोड़ करने के सभी आरोप निराधार है। भाजपा सरकार से हर वर्ग के लोग परेशान हैं। आने वाले लोकसभा चुनाव में जनता साजिश करने वाली भाजपा सरकार को सबक सिखाएगी।
मैनपुरी के किशनी क्षेत्र के गांव पृथ्वीपुर में एक निजी कार्यक्रम में भाग लने पहुंचे थे शिवपाल यादव। शिवपाल यादव ने कहा कि सपा में परिवार की अंतर्कलह ने सूबे में भाजपा की सरकार बनाई। यदि यह परिवार एकजुट रहता तो भाजपा देश व प्रदेश में सरकार नहीं बन सकता थी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने नोटबंदी, जीएसटी लगाकर किसानों और व्यापारियों को परेशान किया है उसका जबाव जनता आगामी लोकसभा चुनाव में देगी।
हालांकि शिवपाल ने ये भी कहा कि यदि उनके अपने लोगों को अहंकार न हुआ होता। सभी लोग मिलकर लड़े होते तो प्रदेश में भाजपा की नहीं बल्कि सपा की सरकार होती। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। थानों व तहसीलों खुली लूट हो रही है। उन्होंने कहा कि उन्हें लोकसभा की टिकट दी गई तो वे भी लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आवाह्न किया कि वे आगामी चुनाव में भाजपा से बदला लें।