सपा राज्य मंत्री के जुलूस के जाम में फंसा समाजवादी एंबुलेंस, तड़पते रहे घायल, वीडियो
सपा मंत्री के नामांकन जुलूस में अनुमति से अधिक भीड़ थी। इस जाम में एक एंबुलेंस फंस गया और देर तक उसमें घायल तड़पते रहे।
मिर्जापुर। अंतिम चरण के चुनाव के लिए गुरुवार को शुरु हुए नामांकन के पहले दिन समाजवादी पार्टी से नगर विधायक और राज्य मंत्री रहे कैलाश चौरसिया ने पर्चा भरा। नामांकन के दौरान शक्ति प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने राज्यमंत्री को मिली पुलिस स्कॉर्ट पर ही कब्जा कर लिया। जुलूस के रूप में एक बजे राज्यमंत्री कैलाश चौरसिया कलक्ट्रेट पहुंचे। इस दौरान अनुमति से अधिक भीड़ व वाहन काफिले में थे। इस तरह का वाकया तो हर बड़े नेता के नामांकन जुलूस में दिखायी दे जाता है, पर यहां तो सपा नेता और कार्यकर्ताओं ने सभी हदों को पार कर दिया।

राज्यमंत्री के जुलूस में सरकारी स्कॉर्ट शामिल थी। स्कॉर्ट पर पुलिस के बजाय सपा नेता और कार्यकर्ताओं ने कब्जा जमा लिया था। स्कॉर्ट पर एक जिला पंचायत सदस्य बैठा हुआ था। यही नहीं एंबुलेंस भी जाम में फंसा रहा। पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी ने आचार संहिता का उल्लंघन करने की कार्रवाई की बात कही।

ऱाज्यमंत्री और चालक पर दर्ज हुआ मुकदमा
पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी ने बताया कि सरकारी वाहन में कार्यकर्ता को बैठाने, बिना अनुमति के छातों और खंभो पर झंडा लगवाने, अधिक भीड़ व वाहन लाने पर आचार संहिता उल्लंघन के आरोप में राज्यमंत्री और गाड़ी के चालक पर मुकदमा दर्ज हुआ है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गाड़ी शासन से आवंटित है।

उस पर चालक शिक्षा विभाग ने दिया है। इसलिए वाहन का दुरुपयोग कर आचार संहिता के उल्लंघन में राज्यमंत्री कैलाश चौरसिया और चालक गणेश के खिलाफ शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया है। चालक के निलंबन के लिए जिलाधिकारी को रिर्पोट भेजी गयी है।

नामांकन के चलते कलक्ट्रेट के चारों ओर पुलिस की तगड़ी सुरक्षा व्यवस्था थी। पर एक बजे जब सपा के नगर प्रत्याशी कैलाश चौरसिया के नामांकन में समर्थकों की भीड़ उमड़ी तो अस्पताल-कचहरी से सिविल लाइन मार्ग पर जाम लगा गया। रमईपट्टी से कलक्ट्रेट-अस्पताल मार्ग तक बैरिकेडिंग कर वाहनों के आवागमन पर रोक लगायी गयी थी। इस कारण बरकछा पहाड़ी से गिरे दो बाइक सवारों को 108 एंबुलेंस ईएमटी मेराज अहमद और चालक सुरेंद्र सिविल लाइन कचहरी मार्ग से अस्पताल लेकर आ रहे थे। नामांकन जुलूस के चलते एंबुलेंस जाम में फंस गयी।

आधे घंटे से अधिक समय से एंबुलेंस जाम में फंसी रही। सपा सरकार 108 एंबुलेंस की सफलता को खूब जनता में प्रचारित करते है। पर उसी समाजवादी एंबुलेंस जो सपा कार्यकर्ताओं के चलते जाम में फंसी रही। उसके लिए रास्ता खोलने के लिए कोई समाजवादी कार्यकर्ता व नेता सामने नहीं आया। आधे घंटे तक घायल जाम में फंस कर तड़पते रहे।












Click it and Unblock the Notifications