Sakshi Maharaj News: 'जो देश को अस्थिर करना चाहते हैं, उन्हें मुंहतोड़ जवाब मिलेगा'- साक्षी महाराज का संदेश
Sakshi Maharaj News: उन्नाव से भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने हिंदुओं की आबादी को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि जहां-जहां हिंदुओं की जनसंख्या घटी, वहां-वहां उनकी पिटाई हुई। मैनपुरी में आयोजित एक जनसभा में उन्होंने लोगों से अपनी आबादी बढ़ाने की अपील की। साथ ही, सीएम योगी और पीएम मोदी की सरकार की जमकर तारीफ की।
साक्षी महाराज ने अपने संबोधन के दौरान कहा कि अशांति फैलाने वालों से निपटने के लिए हिंदुओं को तैयार रहना होगा। उन्होंने पीएफआई का जिक्र करते हुए कहा कि इस संगठन का सपना 2047 तक देश को 'गजवा-ए-हिंद' बनाने का था, लेकिन मोदी-योगी की सरकार ने इसे खत्म कर दिया। उन्होंने कहा कि आज यूपी में दंगे बंद हो गए हैं और अगर कोई दंगा करने की हिम्मत करता है, तो "बुलडोजर बाबा" का बुलडोजर तुरंत कार्रवाई करता है।

मोदी-योगी की तारीफ, विपक्ष पर निशाना
साक्षी महाराज ने पीएम मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने देश को विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि मैं मोदी जी की मां को प्रणाम करता हूं, जिन्होंने ऐसा लाल पैदा किया, जिसने भारत को आगे बढ़ाने का काम किया। साथ ही, उन्होंने सीएम योगी आदित्यनाथ को "बुलडोजर बाबा" बताते हुए कहा कि उनकी सख्त नीति के कारण यूपी में अपराधी बेखौफ नहीं घूम सकते।
विपक्ष पर हमला बोलते हुए साक्षी महाराज ने कहा कि पहले यूपी में आए दिन बम धमाके और दंगे हुआ करते थे, लेकिन अब अपराधी डर के मारे खुद पुलिस के पास सरेंडर कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि योगी सरकार में कानून का राज कायम हुआ है और जो लोग प्रदेश को अस्थिर करना चाहते हैं, उन्हें करारा जवाब दिया जा रहा है।
महाकुंभ की व्यवस्थाओं की प्रशंसा
महाकुंभ के आयोजन की तारीफ करते हुए साक्षी महाराज ने कहा कि सीएम योगी ने इस बार ऐसी व्यवस्था की कि पूरा कुंभ स्वच्छ और व्यवस्थित नजर आया। उन्होंने कहा कि 67 करोड़ लोग कुंभ में पहुंचे, लेकिन एक मक्खी तक नजर नहीं आई। उन्होंने विपक्षी नेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि कुछ लोगों को यह व्यवस्थाएं दिखाई नहीं देतीं, क्योंकि वे "उल्लू" की तरह हैं, जिन्हें उजाले में कुछ नजर नहीं आता।
मैनपुरी में आयोजित अखिल भारतीय लोधी राजपूत कल्याण महासभा के सम्मेलन में हजारों लोग पहुंचे। साक्षी महाराज ने इस भीड़ को देखकर खुशी जताई और कहा कि इतनी बड़ी संख्या में लोग पहले सिर्फ पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह और वरिष्ठ भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी की रैली में जुटे थे।
उन्होंने लोधी समाज से मेहनत, लगन और शिक्षा पर जोर देने की अपील की। साथ ही, भाजपा की नई मैनपुरी जिलाध्यक्ष ममता राजपूत की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी मेहनत का उन्हें इनाम मिला है। उन्होंने कहा कि भाजपा में मेहनत करने वालों को हमेशा उचित सम्मान मिलता है।












Click it and Unblock the Notifications