PICs: सहारनपुर का ये है 'सबसे बड़ा कलाकार', जानिए कैसे?
कभी लड़का तो कभी लड़की और शायर बनकर विरद ने हर एक्टिंग में कमाल कर दिया। शो में रवीना टंडन, अरशद वारसी और वोमन इरानी होस्ट कर रहे थे।
सहारनपुर। सोनी टीवी पर प्रसारित हुए रियलिटी शो 'सबसे बड़ा कलाकार' में सहारनपुर के सात साल के नन्हें कलाकार विरद त्यागी को विनर घोषित किया गया है। विरद त्यागी सहारनपुर लौटा तो उसके स्वागत में सहारनपुर वासियों ने पलकें बिछा दी। नन्हें विरद की कलाकारी ने रातों-रात सहारनपुर का नाम रोशन कर दिया और वो इंडिया का सबसे बड़ा कलाकार बन गया है।


सहारनपुर के शारदा नगर निवासी ललित त्यागी का सात वर्षीय पुत्र विरद त्यागी यहां के एथिनिया प्रीप स्कूल कक्षा तीन का छात्र है। वो काफी समय से समर कैंपों में भाग लेकर नृत्य और कला के गुण सीखता आ रहा है। जिस वक्त सोनी टीवी पर 'सबसे बड़ा कलाकार' रियलिटी शो शुरू हुआ तो विरद त्यागी ने अपना रजिस्ट्रेशन कराया। रविवार की रात आठ से नौ बजे तक सोनी टीवी पर ये कार्यक्रम प्रसारित हुआ। इस कार्यक्रम में विरद ने दमदार प्रस्तुति दी।



कभी लड़का तो कभी लड़की और शायर बनकर विरद ने हर एक्टिंग में कमाल कर दिया। शो में रवीना टंडन, अरशद वारसी और वोमन इरानी होस्ट कर रहे थे। सभी जानना चाहते थे कि कौन सा नन्हा कलाकार विजेता बनेगा। अपनी उम्दा एक्टिंग से विरद ने सभी जज और दर्शकों का भी दिल जीत लिया। अंत में जब विनर की घोषणा की गई तो सभी की सांसे थमी थी।



विरद की मां शीतल त्यागी और पिता ललित त्यागी का कहना है कि विरद ने इस शो में भाग लेने से पहले और बाद में बेहद ही कड़ी मेहनत की है। पढ़ाई के साथ-साथ वो एक्टिंग पर भी बराबर ध्यान देता है। उसने कई तरह के किरदार निभाकर अपनी उम्दा एक्टिंग से बाजी मारी। सोमवार की दोपहर विरद अपने परिवार के साथ सहारनपुर पहुंचा तो रेलवे स्टेशन से लेकर उसके घर तक उसका स्वागत करने वालों की भीड़ लगी थी। हर कोई विरद को अपने हाथ में उठाकर उसका स्वागत कर रहा था।












Click it and Unblock the Notifications