Chandrashekhar Azad: अखिलेश ने बताया UP में जंगलराज तो स्टालिन बोले- खुली कानून व्यवस्था की पोल
Chandrashekhar Azad: सहारनपुर में आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद पर अंधाधुंध फायरिंग की गई। घटना में चंद्रशेखर बाल-बाल बचे। देवबंद जिला अस्पताल में भर्ती हैं।
Chandrashekhar Azad: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में बुधवार को आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद पर जानलेवा हमला हुआ। जिसके बाद विपक्षी दलों के निशाने पर यूपी सरकार आ गई। सभी ने योगी सरकार को कानून व्यवस्था के मुद्दे पर विफल करार दिया। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने यूपी में जंगलराज बताया। वहीं, तमिलनाडु के सीएम और आम आदमी पार्टी ने हमलावरों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
वहीं, देवबंद जिला अस्पताल में भर्ती चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि मुझे इस तरह के अचानक हमले की उम्मीद नहीं थी। मैं देश भर में अपने दोस्तों, समर्थकों और कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने की अपील करना चाहता हूं। अपनी लड़ाई संवैधानिक रूप से जारी रखें हैं। हालांकि, हमले को लेकर विपक्षी दलों की सक्रियता से सियासी भूचाल सा मच गया है। आइए जानें अखिलेश से लेकर किसने क्या कहा?

- समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि सहारनपुर के देवबंद में आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री चंद्र शेखर आजाद पर सत्ता संरक्षित अपराधियों के द्वारा जानलेवा हमला घोर निंदनीय एवं कायरतापूर्ण कृत्य है। बीजेपी राज में जब जनप्रतिनिधि ही सुरक्षित नहीं तो आम जनता का क्या होगा? यूपी में जंगलराज!
- तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने कहा कि उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद पर हुए जानलेवा हमले की निंदा करता हूं। यह हिंसक घटना उत्तर प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था की पोल खोलती है। चंद्रशेखर आजाद के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए मांग करता हूं कि इस कायरतापूर्ण हमले के लिए जिम्मेदार दोषियों को सजा मिलनी चाहिए।
- आम आदमी पार्टी के सांसद डॉ. संजय सिंह ने कहा कि यूपी में नेताओं पर हमले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। वंचित समाज के लिए बहादुरी से लड़ने वाले युवा नेता चंद्रशेखर आजाद पर दिनदहाड़े जानलेवा हमला यूपी में जंगलराज की हकीकत बयां करता है। हमलावरों पर सख्त कार्यवाही की जाय।
- मशहूर वरिष्ठ पत्रकार-संपादक और दलित-पिछड़ा चिंतक दिलीप मंडल ने कहा कि कुमार विश्वास, धीरेंद्र शास्त्री, कंगना रनौत जैसे छोटे और कम हैसियत वाले लोगों को सुरक्षा देने वाली सरकार चंद्रशेखर आजाद को सुरक्षा क्यों नहीं दे रही है? उनकी जान को खतरा होने की बात प्रशासन से छिपी नहीं है। उन्हें तत्काल सुरक्षा मुहैया कराई जाए, वरना माना जाए कि प्रशासन चाहता है कि अनहोनी हो।
- पहलवान साक्षी मलिक ने कहा कि चंद्रशेखर आजाद भाई पर हमले की खबर से चिंतित हूं। हमलावरों पर तुरंत कार्यवाही होनी चाहिए। चंद्रशेखर भाई बहुत मजबूत इंसान हैं, हर आंदोलन में आगे खड़े मिलते हैं। कायरतापूर्ण हमले उन्हें न हरा सकते हैं और न ही झुका सकते हैं।
- राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) अध्यक्ष जयंत चौधरी ने कहा कि चंद्रशेखर आजाद पर जानलेवा हमला मन व्यथित करने वाली घटना है। विश्वास है कि चंद्रशेखर आजाद जल्द स्वस्थ होकर अपने चुने पथ पर चलते रहेंगे। वहीं, राष्ट्रीय लोकदल ने कहा कि जानलेवा हमला बेहद निंदनीय है। ये उत्तर प्रदेश में व्याप्त अराजकता और भाजपा सरकार के कानून व्यवस्था की गड़बड़ी का सबूत है। राष्ट्रीय लोकदल दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी व चंद्रशेखर आजाद की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग करता है।
- झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद पर जानलेवा हमले की खबर अत्यंत चिंताजनक एवं दुर्भाग्यपूर्ण है। परमात्मा से चन्द्रशेखर आजाद जी के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।












Click it and Unblock the Notifications