कल्याण सिंह के निधन पर RSS ने व्यक्त किया शोक, बताया भगवान श्रीराम का भक्त
लखनऊ, 22 अगस्त: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता कल्याण सिंह का अब नहीं रहे। शनिवार (21 अगस्त) को लंबी बीमारी के बाद उनका निधन हो गया। कल्याण सिंह ने 89 साल की उम्र में लखनऊ के संजय गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान में अंतिम सांस ली। डॉक्टरों के मुताबिक सेप्सिस और मल्टी ऑर्गन फेल्योर की वजह से उनका निधन हुआ। उनके निधन की खबर के बाद बीजेपी सहित देशभर में शोक की लहर है। कल्याण सिंह की पार्थिव देह को लखनऊ स्थित उनके घर पर अंतिम दर्शन के लिए लाया गया है, जहां पीएम मोदी, अमित शाह, राजनाथ सिंह, जेपी नड्डा, मोहन भागवत और राधा मोहन सिंह सहित कई राजनीतिक हस्तियों ने उनको श्रद्धांजलि अर्पित की।

वहीं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने भी कल्याण सिंह के आवास पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। संघ की ओर से एक श्रद्धांजलि पत्र भी जारी किया गया, जिसमें लिखा गया कि पूर्व राज्यपाल और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ गहरी शोक संवेदना व्यक्त करता है। कल्याण सिंह जमीन से जुड़े राजनेता और कुशल प्रशासक थे। उनके निधन से सार्वजनिक जीवन में एक अपूरणीय क्षति हुई है। वे हिन्दुत्वनिष्ठ, भगवान श्रीराम के अनन्य भक्त और भारतीय मूल्यों के प्रति समर्पित थे। श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन में अपनी राष्ट्रीय कर्तव्य-निष्ठा का निर्वाह कर जननायक बन गए थे।
इसके साथ ही कहा कि उनको संघ स्वयंसेवक बनने पर गर्व था। उन्होंने एक कार्यकर्ता और नेता के नाते उत्तर प्रदेश में बीजेपी संगठन को सुदृढ करने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने समाज के कमजोर वर्गों के सशक्तिकरण के लिए कार्य किया और जनकल्याण को हमेशा सर्वोपरि रखा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता है। बता दें कि लखनऊ स्थित घर पर अंतिम दर्शन के बाद पूर्व मुख्यमंत्री को उनके पैतृक जिले अलीगढ़ ले जाया जाएगा। जहां अतरौली के नरौरा में 23 अगस्त (सोमवार) को अंतिम संस्कार किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications