नरेश अग्रवाल ने भरी सभा में बताई पीएम नरेंद्र मोदी की जाति, भाजपा ने की निंदा
लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकसभा चुनाव और विधानसभा चुनावों के दौरान मंच से खुद को पिछड़ी जाति का बताते रहे हैं। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद नरेश अग्रवाल ने लखनऊ में हुए अखिल भारतीय वैश्य महासम्मेलन में उनकी जाति बताई जिसके बाद काफी हंगामा मचा। भारतीय जनता पार्टी ने इसकी निंदा करते हुए कहा है कि नरेश अग्रवाल को इसके लिए माफी मांगनी चाहिए।

किस संदर्भ में नरेश ने कही बात?
लखनऊ में हुए वैश्य महासम्मेलन को संबोधित करते हुए नरेश अग्रवाल ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से उन्होंने कई बार कहा कि वैश्यों को टिकट दें। इस पर सभा में किसी ने अमित शाह और पीएम नरेंद्र मोदी की जाति पर चर्चा की तो नरेश अग्रवाल बोले कि अमित शाह वैश्य हैं, नरेंद्र मोदी तेली हैं, ये जान लीजिए, वो हमारे समाज के नहीं हैं।

सभा में हंगामा, सत्र को करना पड़ा रद्द
उनके इतना कहते ही सभा में मौजूद लोग हंगामा करने लगे। यह हंगामा इतना बढ़ा कि नरेश अग्रवाल को भाषण बंद करना पड़ा और कार्यक्रम के पहले सत्र वहीं रोक दिया गया। इसके बाद नरेश अग्रवाल ने मीडिया से कहा कि जाति इस देश की सच्चाई है। उन्होंने कहा कि मैं अपनी बात पर कायम हूं। इस कार्यक्रम के दूसरे सत्र में योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल नंदी पहुंचे जिन्होंने कहा कि वैश्य समाज को राजनीतिक मामलों में नहीं पड़ना चाहिए।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने की बयान की निंदा
बयान की आलोचना करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय ने कहा कि वे इसकी निंदा करते हैं और इसके लिए नरेश अग्रवाल को माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने सपा पर जात-पात की राजनीति करने का आरोप लगाया और कहा कि भारत का प्रधानमंत्री किसी जाति का नहीं होता।












Click it and Unblock the Notifications