Ration Card UP: यूपी के 80 हजार कोटेदार तीन दिन तक नहीं बांटेंगे सरकारी राशन, जानिए क्या हैं उनकी मांगें
Ration Card UP: उत्तर प्रदेश में सरकारी राशन की दुकानों पर ताले लटक गए हैं। कोटेदारों ने 20 जुलाई से तीन दिन की हड़ताल का ऐलान कर दिया है। इस आंदोलन के कारण प्रदेशभर में राशन वितरण व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई है।
करीब 80 हजार कोटेदार सरकार से पिछले छह माह का बकाया भुगतान न मिलने से नाराज़ हैं। लाभांश और तकनीकी दिक्कतों को लेकर कोटेदारों ने तीन दिनों तक काम बंद करने का निर्णय लिया है। इससे लाभार्थियों को भारी दिक्कत हो सकती है।

उत्तर प्रदेश सस्ता गल्ला विक्रेता परिषद और इससे जुड़े अन्य संगठनों ने इस हड़ताल का नेतृत्व किया है। उनका कहना है कि जब तक सरकार उनकी मांगें नहीं मानती, तब तक वे चरणबद्ध आंदोलन जारी रखेंगे।
कार्डधारकों की बढ़ी चिंता
20 जुलाई से अगस्त माह का राशन वितरण शुरू होना था, जो अब तीन दिन तक रुका रहेगा। यह वितरण 10 अगस्त तक चलना है, लेकिन हड़ताल के चलते इसकी समयसीमा पर भी असर पड़ सकता है।
कार्डधारकों में इस स्थिति को लेकर बेचैनी देखी जा रही है। खासतौर से ग्रामीण इलाकों में जहां ज़्यादातर लोग सरकारी अनाज पर निर्भर हैं, वहां लोगों को खाद्यान्न न मिलने का डर सता रहा है।
लाभांश न मिलने से नाराज़ कोटेदार
परिषद के प्रदेश अध्यक्ष अशोक कुमार मेहरोत्रा का कहना है कि कोटेदार लगातार आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। छह महीने से किसी भी विक्रेता को लाभांश नहीं मिला है, जबकि काम लगातार कराया जा रहा है।
प्रदेश उपाध्यक्ष प्रकाश सिंह गोलू ने मांग की है कि अन्य राज्यों की तरह यूपी में भी प्रति क्विंटल 200 रुपये लाभांश दिया जाए। उनका कहना है कि दिल्ली, गोवा और हरियाणा में यह व्यवस्था पहले से लागू है।
अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी
प्रदेश भर के कोटेदारों ने अपने-अपने ज़िलों में डीएसओ और संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा है। सरकार को चेतावनी दी गई है कि यदि मांगे नहीं मानी गईं तो आगे अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
विक्रेताओं का कहना है कि सरकारी पोर्टल की तकनीकी समस्याएं भी उनके काम में रुकावट बन रही हैं। वितरण में देरी और लाभांश न मिलने के कारण उनका काम करना मुश्किल हो गया है।
सरकार की योजना के अनुसार, 20 जुलाई से 10 अगस्त तक नि:शुल्क राशन बांटा जाना है। आधार प्रमाणीकरण में फेल होने वाले कार्डधारकों को 10 अगस्त को मोबाइल ओटीपी के जरिए राशन दिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications